Kanpur News:दुकान से मूर्तियां समेटकर भागे चोर, CCTV ने खोला राज,तीन गिरफ्तार

Kanpur News:दुकान से मूर्तियां समेटकर भागे चोर, CCTV ने खोला राज,तीन गिरफ्तार

कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र में पूजा सामग्री की दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 10 लाख रुपये कीमत की मूर्तियां और अन्य पूजा सामग्री बरामद की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

कैसे हुई चोरी की वारदात-

पुलिस के अनुसार नौबस्ता थाना क्षेत्र में थाने से कुछ दूरी पर स्थित एक दुकान में पूजा के लिए मूर्तियां और अन्य सामग्री बेची जाती है। घटना के समय दुकान मालिक किसी काम से दुकान के पीछे बने अपने घर में चला गया था। इसी दौरान दो युवक दुकान पर पहुंचे। एक युवक बाइक पर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर घुस गया। दुकान में घुसे युवक ने वहीं से एक पॉलीथीन की बोरी उठाई और उसमें करीब छह मूर्तियां व अन्य पूजा सामग्री भर ली। इसके बाद वह अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब दुकान मालिक वापस लौटा तो सामान गायब देख उसने पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी से मिली सुराग, दो आरोपी गिरफ्तार –

घटना की सूचना मिलते ही नौबस्ता थाना प्रभारी ने मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के आने-जाने के रास्तों को ट्रैक किया। जांच के दौरान विवेक दीक्षित और शिवप्रसाद नाम के दो आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने चोरी की घटना कबूल कर ली।

खरीदार समेत तीन आरोपी भेजे गए जेल –

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई मूर्तियां कानपुर देहात के दुकानदार अनिल कुमार को बेच दी थीं। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी गया करीब 10 लाख रुपये कीमत का पूरा माल बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार एक आरोपी के खिलाफ पहले जुए से संबंधित एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। घटना के सफल खुलासे पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की संस्तुति की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *