Kanpur News: सिद्धिविनायक मंदिर में चोरी,7 मिनट में चांदी के 7 मुकुट लेकर चोर फरार

Kanpur News: सिद्धिविनायक मंदिर में चोरी,7 मिनट में चांदी के 7 मुकुट लेकर चोर फरार

कानपुर के घंटाघर स्थित प्रसिद्ध सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में देर रात चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई। चोरों ने महज सात मिनट के भीतर भगवान के चांदी के सात मुकुट पार कर दिए और फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन में घटना के बाद आक्रोश है।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, चोरी की जानकारी उन्हें शाम करीब पांच बजे तब हुई जब नियमित व्यवस्था के दौरान मुकुट गायब मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी करने वाला व्यक्ति हेलमेट लगाए हुए था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उसके साथ एक महिला भी मौजूद थी, जिसने पूरी वारदात को अंजाम देने में उसका सहयोग किया।

बताया जा रहा है कि चोरी हुए चांदी के सातों मुकुट का कुल वजन करीब 600 ग्राम है। ये मुकुट भगवान गणेश की प्रतिमा पर सजाए जाते थे और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र थे। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

सूचना मिलते ही हरबंशमोहाल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर बेहद शातिर तरीके से मंदिर में प्रवेश करते हैं और कुछ ही मिनटों में चोरी कर फरार हो जाते हैं।

एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार सिंह के मुताबिक, मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के इलाकों में भी पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।

वही इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *