Kanpur News:धुरंधर 2 के दौरान हंगामा,युवती से छेड़छाड़ का आरोप, परिजनों ने आरोपी को पीटा, वीडियो वायरल

Kanpur News:धुरंधर 2 के दौरान हंगामा,युवती से छेड़छाड़ का आरोप, परिजनों ने आरोपी को पीटा, वीडियो वायरल

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित गुरुदेव पैलेस परिसर में बने एक थिएटर में सोमवार देर रात फिल्म ‘धुरंधर 2’ के दौरान छेड़छाड़ के आरोप में हंगामा हो गया। युवती के साथ कथित अभद्रता से नाराज परिजनों ने आरोपी युवक को पकड़कर थिएटर के बाहर जमकर पीट दिया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दर्शकों की भीड़ जमा हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि पत्रिका.कॉम नहीं करता है।वही पुलिस ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है।

फिल्म के दौरान आपत्तिजनक हरकत का आरोप

जानकारी के अनुसार, युवती अपने परिवार के साथ फिल्म देखने के लिए थिएटर पहुंची थी। फिल्म का प्रदर्शन चल रहा था और हॉल में सामान्य माहौल बना हुआ था। इसी दौरान आरोप है कि पीछे की सीट पर बैठे एक युवक ने युवती के साथ आपत्तिजनक हरकत कर दी, जिससे वह घबरा गई। युवती ने बिना देर किए पूरी घटना की जानकारी अपने पिता को दी। बेटी की बात सुनते ही पिता का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने तुरंत उस युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद वह उसे सीट से उठाकर थिएटर के बाहर ले गए, जहां परिजन भी इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ लग गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान आरोपी युवक के साथ कहासुनी भी हुई।

थिएटर के बाहर भड़का गुस्सा, भीड़ जुटी

थिएटर के बाहर आते ही परिजनों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने युवक की जमकर पिटाई शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। इसी दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक खुद को बरेली का निवासी बता रहा है।

पुलिस ने जानकारी से किया इनकार

मामले में रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय का कहना है कि उन्हें फिलहाल इस घटना की कोई जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में तथ्य सामने आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *