Kanpur News: घर लौट रहे थे एसीएमओ के चाचा, रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ ऐसा हादसा कि थम गई सांसें

Kanpur News: घर लौट रहे थे एसीएमओ के चाचा, रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ ऐसा हादसा कि थम गई सांसें

कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में स्वास्थ्य विभाग में तैनात अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) के चाचा की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बेटी से मिलने गए थे घर

काकादेव थाना क्षेत्र के हितकारी नगर निवासी 72 वर्षीय रामनरेश मिश्रा प्राइवेट कर्मचारी थे। उनके परिवार में पत्नी बीना मिश्रा के अलावा दो बेटियां निष्ठा मिश्रा और रुचि मिश्रा हैं। परिजनों के मुताबिक सोमवार को अवकाश होने के कारण रामनरेश मिश्रा अपनी छोटी बेटी रुचि के ससुराल कल्याणपुर स्थित गोवा गार्डन साइकिल से गए थे।

रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय हुआ हदसा

बताया गया कि देर रात वह गोवा गार्डन से साइकिल से अपने घर काकादेव लौट रहे थे। इसी दौरान गोवा गार्डन रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय रावतपुर की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मृतक के पास से मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में परिजन और स्वास्थ्य विभाग में तैनात एसीएमओ आर.पी. मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए।

क्या बोले थाना प्रभारी

कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद बुजुर्ग साइकिल से रेलवे लाइन पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान रावतपुर की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *