Kanpur News:लघुशंका से रोका तो बरसीं ईंटें, इलाज के दौरान युवक की मौत

Kanpur News:लघुशंका से रोका तो बरसीं ईंटें, इलाज के दौरान युवक की मौत

कानपुर में जूही थाना क्षेत्र स्थित मिलेट्री कैंप कॉलोनी में गली के बाहर लघुशंका करने से मना करने पर दो युवकों ने ई-रिक्शा चालक पर ईंट और टाइल्स से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की बहन की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

9 दिन के बाद इलाज के दौरान मौत

मिलेट्री कैंप कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय जीतू ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके बड़े भाई राजा के अनुसार, चार मार्च को होली के दिन मोहल्ले का युवक फहीम गली में लघुशंका कर रहा था। इस पर जीतू के छोटे भाई गोलू ने विरोध किया। मामला बढ़ता देख जीतू ने बीच-बचाव कर विवाद शांत करा दिया था।

आरोप है कि कुछ देर बाद नशे में धुत फहीम अपने साथी अंश के साथ वापस आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दोनों ने जीतू के सिर और चेहरे पर टाइल्स और ईंटों से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। परिजन घायल जीतू को तत्काल हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही। नौ दिन तक इलाज चलने के बाद ल देर रात उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने कराया हंगामा को शांत

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जब परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो उन्होंने बचे हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया। तब जाकर परिजन शांत हुए।

एक गिरफ्तार दूसरा फरार

जूही थाना प्रभारी केके पटेल के मुताबिक, मृतक की बहन संजना की तहरीर पर फहीम और अंश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *