कुशीनगर में आयोजित ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। रविवार, 22 मार्च 2026 को प्रतियोगिता के तीसरे दिन कन्नौज, सैफई, तरवा और शिवकाल भैरव एकेडमी, आठगांवा ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली। रविवार को खेले गए मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले मैच में सैफई ने गाजीपुर को 4-0 से हराया। दूसरे मैच में तरवा ने मेजबान कुशीनगर को 1-0 से मात दी। तीसरे मुकाबले में कन्नौज ने तरवा को 3-1 से पराजित किया। चौथे मैच में आजमगढ़ ने सैफई को 3-0 से हराया। दिन के पांचवें और अंतिम मुकाबले में कुशीनगर और कन्नौज के बीच मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
इन परिणामों के आधार पर सेमीफाइनल के मुकाबले तय हो गए हैं। पहला सेमीफाइनल सोमवार, 23 मार्च 2026 को कन्नौज और शिवकाल भैरव एकेडमी, आठगांवा के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल सैफई और तरवा के बीच होगा। यह प्रतियोगिता खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं जिला खेल कार्यालय, कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का उद्घाटन शुक्रवार, 21 मार्च 2026 को जिला युवा अधिकारी सचिन कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया था।
इससे पहले दूसरे दिन भी कई रोमांचक मुकाबले खेले गए थे। पहले मैच में तरवा ने हरदोई को 2-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में आठगांवा (अडगांव) ने स्टेडियम प्रयागराज को 3-0 से पराजित किया। तीसरे मैच में स्टेडियम प्रयागराज ने एकेडमी प्रयागराज को 5-0 से हराया। चौथे मुकाबले में आठगांवा ने एकेडमी प्रयागराज को 2-1 से शिकस्त दी। दिन के अंतिम मुकाबले में कन्नौज ने हरदोई को 1-0 से हराकर जीत दर्ज की। अब सभी की निगाहें सोमवार को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां से फाइनल की राह तय होगी।


