मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में कुरुक्षेत्र जिले को 15 बड़े प्रोजेक्ट की सौगात दी है। इसमें कैथल से यमुनानगर हाईवे को फोरलेन बनाया जाएगा। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र में नया खेल स्टेडियम बनाने की परियोजना को शामिल किया गया है। इन परियोजनाओं को इस साल में पूरा करने का टारगेट भी रखा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को विधानसभा में कुरुक्षेत्र जिले में लाडवा व थानेसर में विश्राम गृह बनाए जाएंगे। इसके अलावा इस्माइलाबाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गांव थाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लाडवा में डायलिसिस केंद्र, पिहोवा व लाडवा में एचएसवीपी के दो नए सेक्टर बनाने की परियोजना भी शामिल है। शाहाबाद में ESI डिस्पेंसरी बनाई जाएगी। कैथल से यमुनानगर तक फोरलेन हाईवे कैथल से यमुनानगर तक मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। इसमें एमडीआर-119 कैथल से ढांड होते हुए कुरुक्षेत्र तक, स्टेट हाईवे-6 को कुरुक्षेत्र से लाडवा, रादौर होते हुए यमुनानगर तक को शामिल किया गया है। इस मार्ग के फोरलेन होने से यातायात का दबाव कम होगा। इसके साथ ही ये मार्ग एनएच-152डी, नेशनल हाईवे 44 और अंबाला शामली एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा। लाडवा में डायलिसिस केंद्र व एसएचवीपी सेक्टर का निर्माण सीएम ने बजट में लाडवा के अंदर डायलिसिस केंद्र की स्थापना करने घोषणा की। इसके साथ ही लाडवा में एक नए विश्राम गृह का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा लाडवा में एसएचवीपी सेक्टर स्थापित किया जाएगा। दो दिन पहले सीएम लाडवा अनाज मंडी से कैथल से यमुनानगर तक फोरलेन हाईवे बनाने का ऐलान किया था, जिसे बजट में शामिल किया गया। PHC को सीएचसी में अपग्रेड बजट में इस्माइलाबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में अपग्रेड किया जाएगा। पिहोवा गांव थाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जाएगी। इसी तरह पिहोवा में एसएचवीपी सेक्टर स्थापित किया जाएगा। इस्माइलाबाद PHC को CHC बनाने का ऐलान मुख्यमंत्री पहले कर चुके हैं, जिसे बजट में शामिल किया। ब्याज चुकाने के लिए भी लिया जाएगा कर्ज- अशोक अरोड़ा उधर, थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने बजट में कैथल से यमुनानगर फोरलेन हाईवे बनाने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पिछले बजट सत्र में उन्होंने इस मांग को उठाया था। लेकिन यह घाटे का बजट है। ब्याज की किस्त चुकाने के लिए भी कर्ज लेने का प्रावधान इस बजट में है। इस प्रस्तावित बजट में 34 प्रतिशत कर्ज लिया जाएगा, जबकि 30 प्रतिशत ब्याज और मूलधन की किस्त चुकाने के लिए रखा गया है।


