हरियाणा की कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (केयू) में आज 35वां दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। इसमें हरियाणा के गवर्नर एवं केयू के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष इस समारोह के मुख्यातिथि रहेंगे। समारोह में सुप्रीम कोर्ट (SC) के जस्टिस राजेश बिंदल अति विशिष्ट अतिथि और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह में डिग्रियां प्राप्त के लिए करीब 3 हजार स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। समारोह को लेकर केयू में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। समारोह से एक दिन पहले यानी 3 अप्रैल को फाइनल रिहर्सल की गई। रिहर्सल में शामिल रहे और रजिस्ट्रेशन करने वाले स्टूडेंट्स ही समारोह में हिस्सा लेंगे। फोटो खिंचवा सकेंगे स्टूडेंट केयू के लोकसंपर्क विभाग के डायरेक्टर प्रो. महासिंह पुनिया ने बताया कि दीक्षांत समारोह खत्म होने के बाद अलग-अलग डिपार्टमेंट के स्टूडेंट अपने प्रोफेसर के साथ फोटो खिंचवा सकेंगे। PHD करने वाले स्टूडेंट्स को मंच पर बुलाकर कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष डिग्री प्रदान करेंगे। अन्य स्टूडेंट्स को उनकी सीट पर ही डिग्री सौंपी जाएंगी। सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी दीक्षांत समारोह को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी स्टूडेंट को समारोह में एंट्री नहीं मिलेगी। साथ ही सुबह 11 बजे के बाद एंट्री नहीं होगी। जिला पुलिस प्रशासन के जवान भी मुस्तैद रहेंगे।


