राजगढ़ जिले में बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं के चलते ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध के बावजूद नियमों की अनदेखी सामने आई है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे खिलचीपुर बस स्टैंड क्षेत्र से गुजर रही एक शादी की बारात में तेज आवाज में डीजे बजता रहा। मामले को गंभीरता से लेते हुए खिलचीपुर एसडीएम अंकिता जैन ने आज (शनिवार) शाम को डीजे और गार्डन संचालकों की बैठक बुलाई है। यह बैठक थाना परिसर में आयोजित की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि बैठक में सभी को पहले नियमों की जानकारी और समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी यदि नियमों का उल्लंघन होता है, तो संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी। फरवरी-मार्च में हैं बोर्ड परीक्षाएं प्रशासन ने 20 से 28 फरवरी तक कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाओं तथा फरवरी-मार्च में 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के चलते जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा अवधि के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति बनाए रखना अनिवार्य है। सख्ती नहीं हुई तो छात्रों को होगी परेशानी स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन आदेशों का सख्ती से पालन नहीं कराया गया, तो परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


