स्वर्णनगरी में क्रिसमस ईव पर उल्लास, रोशनी, प्रार्थना और सांस्कृतिक रंगों की छटा

स्वर्णनगरी में क्रिसमस ईव पर उल्लास, रोशनी, प्रार्थना और सांस्कृतिक रंगों की छटा

स्वर्णनगरी में क्रिसमस ईव का पर्व उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। शहर की होटलों, चर्चों और प्रमुख प्रतिष्ठानों के साथ-साथ संपूर्ण नगर का दृश्य आम दिनों से बिल्कुल अलग नजर आया। हर ओर रोशनी, सजावट और पर्व की खुशियों का रंग बिखरा रहा। रात होते ही शहर की विभिन्न होटलों और रिसोर्ट्स में क्रिसमस ईव के आयोजन शुरू हो गए। देशी-विदेशी पर्यटकों में क्रिसमस को लेकर उत्साह देखने को मिला। इसी को देखते हुए पर्यटन से जुड़े प्रतिष्ठानों ने आकर्षक लाइटिंग, सजावट और विशेष व्यवस्थाएं कीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान सैलानी संगीत और प्रस्तुतियों की धुन पर झूमते नजर आए। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर चर्चों में भी विशेष आयोजन हुए। सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर विश्व में शांति, सत्य के मार्ग पर अग्रसर होने तथा विश्व कल्याण की कामना के साथ प्रार्थनाएं कीं। शहर का नजारा पूरी तरह बदल गया। आकर्षक और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाती स्वर्णनगरी ने सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कई प्रतिष्ठानों में बेथलहम के तारे के प्रतीक पाइनसेरिया के पीले और लाल फूल चमकदार पत्तियों के बीच सजे दिखाई दिए। मोमबत्तियों और रंगीन रोशनी से सजे क्रिसमस ट्री उत्सव का मुख्य आकर्षण बने रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *