डोनाल्ड ट्रंप पर मजाक बोमन ईरानी को पड़ा भारी, मंदाना करीमी ने बोला हमला, कहा- जब ईरानियों को जेल भेजा जा रहा था…

डोनाल्ड ट्रंप पर मजाक बोमन ईरानी को पड़ा भारी, मंदाना करीमी ने बोला हमला, कहा- जब ईरानियों को जेल भेजा जा रहा था…

Mandana Karimi Slams Boman Irani: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी का एक मजाकिया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इस वीडियो में उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मुंबई के दादर पारसी कॉलोनी आने का न्योता देते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में शांति वार्ता की बात कही। जहां एक तरफ कई बॉलीवुड सितारों ने इस वीडियो को मजेदार बताया, वहीं अभिनेत्री मंदाना करीमी ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।

बोमन ईरानी का मजाकिया वीडियो (Mandana Karimi On Boman Irani)

दरअसल, हाल के दिनों में ईरान-इजराइल-यूएस टेंशन लगातार बढ़ता जा रहा है। मिसाइल हमलों और एनर्जी संसाधनों पर हमलों के चलते स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसी बीच खबरें सामने आईं कि अमेरिका की तरफ से ईरान को युद्धविराम के लिए प्रस्ताव दिया गया है। इस इंटरनेशनल मुद्दे पर बोमन ईरानी ने एक हल्का-फुल्का वीडियो शेयर करते हुए अलग अंदाज में प्रतिक्रिया दी।

Mandana Karimi Slams Boman Irani

वीडियो में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘ईरानी’ लोग सीधे ट्रंप से बातचीत करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए ये भी कहा कि अगर ट्रंप दादर पारसी कॉलोनी आ जाएं तो उन्हें टेस्टी धांसक और कस्टर्ड खिलाया जाएगा। साथ ही गैस सिलेंडर लाने की शर्त भी जोड़ दी, जिससे उनकी टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।

बॉलीवुड सितारों ने की मजेदार प्रतिक्रिया (Mandana Karimi On Boman Irani)

बोमन ईरानी के इस वीडियो को कई कलाकारों ने हल्के-फुल्के अंदाज में लिया। अभिनेत्री तब्बू और समीरा रेड्डी समेत कई सितारों ने इस पर हंसी-मजाक वाली प्रतिक्रिया दी। अभिनेता जावेद आफरी ने भी कमेंट करते हुए मजेदार अंदाज में कहा कि अगर कस्टर्ड गैस का फॉर्मूला साझा कर दिया जाए तो शायद ट्रंप सच में दादर पहुंच जाएं।

कॉमेडियन सौरभ पंत ने भी मजाक में लिखा कि धांसक कई विवादों को खत्म करने की ताकत रखता है। इस तरह सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर हंसी-ठिठोली का माहौल बन गया।

मंदाना करीमी ने उठाए गंभीर सवाल

हालांकि, ईरानी मूल की अभिनेत्री मंदाना करीमी को ये वीडियो बिल्कुल पसंद नहीं आया। उन्होंने कमेंट सेक्शन में लंबा मैसेज लिखते हुए बोमन ईरानी से सवाल किया कि सालों से ईरान में लोगों पर हो रहे अत्याचार और मौतों के समय उनकी आवाज क्यों नहीं सुनाई दी।

मंदाना ने कहा कि हजारों लोग मारे गए, परिवार बिछड़ गए और कई लोगों की जिंदगी प्रभावित हुई, लेकिन तब इस तरह की सार्वजनिक प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिली। उन्होंने ये भी कहा कि पारसी समुदाय का इतिहास ईरान से जुड़ा हुआ है, इसलिए ऐसे समय में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी ज्यादा जरूरी होती है।

उनका कहना था कि अब अचानक गैस, राजनीति और अंतरराष्ट्रीय बातचीत के संदर्भ में मजाक करना थोड़ा असहज लगता है। उन्होंने इसे “खामोशी से सीधे व्यंग्य तक की तेज यात्रा” बताते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

अभी तक नहीं आया बोमन ईरानी का जवाब (Mandana Karimi On Boman Irani)

मंदाना करीमी की इस तीखी प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे संवेदनशील मुद्दे पर मजाक करने का गलत समय बता रहे हैं।

फिलहाल बोमन ईरानी ने इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन उनका वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है और यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *