भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी का संयुक्त गश्त:सुरक्षा बढ़ाई गई, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर

भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी का संयुक्त गश्त:सुरक्षा बढ़ाई गई, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर

नेपाल में होने वाले चुनावों के मद्देनजर भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को जिले के ककरहवा और शोहरतगढ़ क्षेत्रों में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर निगरानी बढ़ाई। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। ककरहवा सीमा पर एसएसबी 43वीं वाहिनी के कमांडेंट उज्जवल दत्ता, थानाध्यक्ष मोहाना जितेंद्र सिंह और चौकी इंचार्ज ककरहवा एसआई प्रदीप कुमार सिंह ने जवानों के साथ पैदल गश्त किया। उन्होंने सीमा से सटे रास्तों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी गई और सीमा पार आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। इसी क्रम में, शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में भी भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में चौकी इंचार्ज खुनुवां और चौकी इंचार्ज कोटिया ने एसएसबी जवानों के साथ मिलकर सीमावर्ती पगडंडियों, संपर्क मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की। गश्त के दौरान, पुलिस और एसएसबी के जवानों ने सीमा से सटे गांवों में भी निगरानी की और स्थानीय लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि नेपाल चुनाव के मद्देनजर सीमा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लगातार संयुक्त गश्त व चेकिंग अभियान जारी रहेगा। सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य चुनाव के दौरान किसी भी अवैध गतिविधि, तस्करी या संदिग्ध आवाजाही को रोकना है। इसके लिए सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *