कॉलेज रोड पर पक्का अतिक्रमण ध्वस्त, प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

कॉलेज रोड पर पक्का अतिक्रमण ध्वस्त, प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

-नजूल भूमि पर किए गए निर्माण पर चला बुलडोजर, 5000 रुपए जुर्माना पहले ही किया जा चुका था निर्धारित।

बैतूल। शहर के कॉलेज रोड क्षेत्र में अवैध पक्के निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को संयुक्त कार्रवाई की। राजस्व और नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया। यह कार्रवाई शिकायत मिलने और नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने के बाद की गई।
शहर के कॉलेज चौक के पास नजूल भूमि पर किए गए पक्के निर्माण को लेकर प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम अभिजीत सिंह और तहसीलदार पूनम साहू को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जांच में संबंधित भूमि को नजूल संपत्ति पाया गया, जिस पर बिना अनुमति निर्माण किया गया था। तहसीलदार न्यायालय ने प्रकरण की सुनवाई करते हुए संबंधित पक्ष पर 5000 रुपए का जुर्माना भी निर्धारित किया था। साथ ही अतिक्रमण हटाने के लिए विधिवत नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बावजूद निर्माण का हिस्सा खाली नहीं किया गया, जिसके बाद प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ी। शुक्रवार को तहसीलदार पूनम साहू के नेतृत्व में राजस्व विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की सहायता से पक्का अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी सतीश मस्तोनिया सहित राजस्व एवं नगर पालिका का अमला उपस्थित रहा। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय और नजूल भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *