उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। जयपुर में आयोजित सम्मान समारोह में जोधपुर मंडल ने ‘जनरल मैनेजर ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड’ जीतकर पूरे जोन में पहला स्थान हासिल किया है। जोधपुर मंडल ने अलग-अलग श्रेणियों में कुल 8 शील्ड अपने नाम की हैं, जो जोन के किसी भी मंडल द्वारा जीती गई सर्वाधिक संख्या है। शुक्रवार को जयपुर के जगतपुरा स्थित रेलवे ऑफिसर्स क्लब में 70वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी को यह प्रतिष्ठित शील्ड प्रदान की। 14 कार्मिकों को मिला व्यक्तिगत सम्मान समारोह में न केवल मंडल को शील्ड मिली, बल्कि बेहतरीन कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सराहा गया। जोधपुर मंडल के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक स्तर पर ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इस दौरान डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इन विभागों ने गाड़े झंडे डीआरएम की मौजूदगी में संबंधित विभाग के अधिकारियों ने अपनी-अपनी शील्ड प्राप्त की: ’52 सप्ताह-52 सुधार’ का मंत्र समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक अमिताभ ने विजेताओं को बधाई दी और भविष्य के लिए एक नया रोडमैप रखा। उन्होंने कहा, “वर्ष 2026 के लिए ’52 सप्ताह-52 सुधार’ अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्राहक सेवा, रख-रखाव, क्वालिटी मैनेजमेंट, उत्पादन और परिचालन क्षेत्रों में लगातार सुधार किए जाएंगे।” अजमेर रहा रनर-अप इस वर्ष प्रतियोगिता में जोधपुर मंडल अव्वल रहा, जबकि अजमेर मंडल को ‘रनर-अप शील्ड’ से संतोष करना पड़ा। मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी (CPRO) शशि किरण ने बताया कि समारोह में उन 5 रेलकर्मियों का भी अभिनंदन किया गया, जिन्हें हाल ही में नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया था। जोधपुर में आज सुबह भव्य स्वागत जोन स्तर पर जयपुर में मिली इस ऐतिहासिक सफलता के बाद जोधपुर की टीम शनिवार को वापस लौट रही है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी और अन्य अधिकारी विजेता शील्ड के साथ मंडोर एक्सप्रेस से सुबह 7:30 बजे जोधपुर स्टेशन पहुंचेंगे। स्टेशन पर इन अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वागत की विशेष तैयारी की गई है।


