जोधपुर। नई सड़क पर राजीव गांधी प्रतिमा स्थल के पीछे जिले की पहली चार मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग अंतिम चरणों में है। कोई रूकावट न आई तो तीन महीनों में पार्किंग का कार्य पूरा हो जाएगा। भूतल व तीन मंजिला पार्किंग में 450 कारें और दो सौ दुपहिया वाहन एक साथ पार्क किए जा सकेंगे। इसके साथ ही शहर की हृदयस्थली पर वाहनों के पार्किंग की समस्या से निजात मिल सकेगी।
27.64 करोड़ में तैयार होगी मल्टीलेवल पार्किंग
जेडीए के परियोजना अभियंताओं का कहना है कि मल्टीलेवल पार्किंग भूतल व तीन मंजिला बनाई जा रही है। 85-90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। आरसीसी का काम पूरा कर लिया गया है। जोधपुरी लुक देने के लिए बतौर एलीवेशन जोधपुर के पत्थर की जालियां लगाईं जा रही हैं। फ्लोरिंग व लाइट फिटिंग का काम चल रहा है। अभियंताओं को 30 जून तक काम पूरा होने की उम्मीद है। इस कार्य के लिए 27.64 करोड़ रुपए लागत आएगी।
450 कारें व दो सौ दुपहिया वाहन होंगे खड़े
निर्माण करने वाली फर्म के संचालक सन्नाउल्लाह का कहना है कि यह पार्किंग स्थल जोधपुर में पहला मल्टीलेवल पार्किंग है। भूतल व तीन मंजिला पार्किंग की हर मंजिल पर गाड़ियां खड़ी की जा सकेंगी। एक साथ 450 कारें और दो सौ दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
नई सड़क, घंटाघर च आस-पास समस्या से राहत मिलेगी
वर्तमान में नई सड़क, घंटाघर और भीतरी शहर को हृदय स्थली माना जाता है। न सिर्फ शहरवासी बल्कि विदेशी व देसी पर्यटक भी बड़ी संख्या में यहां आते हैं। भीतरी शहर के प्रमुख बाजार में भी खरीदारी करने वालों की भीड़ लगती है।
इनके लिए हृदयस्थली पर पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में वाहनों को रोड पर ही खड़ा करना पड़ता है। जिससे यातायात बाधित होता है और लोग परेशान रहते हैं। मल्टी लेवल पार्किंग बनने के बाद हृदय स्थल आने वाले लोग पार्किंग में वाहन खड़े कर जाएंगे। जिससे वाहनों के सड़कों पर खड़े करने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
टॉप फ्लोर पर फूड कॉर्नर बनेगा
मल्टी लेवल पार्किंग स्थल के टॉप फ्लोर यानि छत पर शहरवासियों के लिए फूड कॉर्नर बनाना प्रस्तावित है। इसके लिए जेउीए की तरफ से पृथक से निविदा निकाली जाएगी।


