Jodhpur Crime: पत्नी की दूसरी शादी से बौखलाया पति, सरेआम साले की काट दी नाक, इलाके में मची सनसनी

Jodhpur Crime: पत्नी की दूसरी शादी से बौखलाया पति, सरेआम साले की काट दी नाक, इलाके में मची सनसनी

जोधपुर। लूनी थानान्तर्गत फींच गांव में एक युवक ने किराणा दुकान में बैठे दिव्यांग साले की नाक काट दी और कटी नाक लेकर साथी के साथ फरार हो गया। वह पत्नी की दूसरी जगह शादी होने से नाराज था। घायल व आरोपी की आमने-सामने (आटा-साटा) शादी हो रखी है। आरोपी अभी पकड़े नहीं जा सके हैं। गौरतलब है कि लूनी क्षेत्र के शुभदण्ड गांव में दो जनवरी को भी एक युवक की नाक काटी गई थी।

पुलिस के अनुसार फींच गांव निवासी अशोक (38) पुत्र घेवाराम की नाक काटी गई है। वह पांव से दिव्यांग है और गांव के चौक में किराणा दुकान संचालित करता है। फींच गांव निवासी सहीराम मण्डा व तीन अन्य युवक मारपीट कर उसकी नाक काटकर ले गए। विकलांग अशोक शाम 4.30 बजे दुकान पर बैठा था।

गाड़ी में हुए फरार

तभी बिना नंबर की बोलेरो कैंपर में सहीराम व अन्य युवक दुकान पर आए। सहीराम ने अपनी पत्नी (अशोक की बहन) की दूसरी जगह शादी कर जेवरात सहित भेजने पर नाराजगी जताई और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने चाकू निकालकर अशोक की नाक काटकर अलग कर दी। अशोक चिल्लाने लगा और खून बहने लगा। आरोपी सहीराम और उसके साथी कटी नाक लेकर बोलेरो कैंपर में फरार हो गए।

शादी की, लेकिन गौना नहीं, दूसरी जगह भेजा

पुलिस का कहना है कि सहीराम और घायल अशोक की आमने-सामने शादी हो रखी है। सहीराम के ताऊ की बेटी अशोक की पत्नी है और वह दस साल से ससुराल में रह रही है। दूसरी ओर, अशोक की बहन की शादी सहीराम से की गई थी, लेकिन गौना नहीं हुआ था। सहीराम कोई काम-धंधा नहीं कर रहा था। इस पर पीहर वालों ने पत्नी की शादी जोलियाली गांव में दूसरे युवक से कर दी और उसे ससुराल भेज दिया। इससे सहीराम नाराज था।

एक महीने से था फिराक में, कैंपर भी खरीदी थी

आरोपी सहीराम पिछले करीब एक-डेढ़ माह से साले को सबक सिखाने की फिराक में था। इसी कारण उसने एक माह पहले बोलेरो कैंपर खरीदी। शाम को वह अपने भाई व तीन अन्य साथियों के साथ कैंपर में अशोक की किराणा दुकान पहुंचा और उसकी नाक काटकर साथ ले गया।

पत्नी को दूसरी जगह भेजा तो नाक काटी : आरोपी

आरोपी ने शाम 4.30 बजे अशोक की नाक काटी। इसके बाद काफी देर तक वह दुकान में ही रहा। करीब आधे घंटे बाद शाम पांच बजे वह कटी नाक लेकर भाग गया। शाम साढ़े पांच बजे उसने बोलेरो में बैठे-बैठे ही वीडियो बनाकर वायरल किया। वीडियो में उसने कहा कि फींच में ही उसका ससुराल है और जेवर सहित पत्नी को दूसरी जगह भेजा गया था, इसलिए उसने नाक काट दी।

राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी : https://bit.ly/4bg81fl

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *