Jodhpur: आर्मी से जुड़े इंजीनियर ने खरीदा 1.5 करोड़ का बंगला, 30 लाख की लग्जरी कार, CBI कोर्ट ने भेजा जेल

Jodhpur: आर्मी से जुड़े इंजीनियर ने खरीदा 1.5 करोड़ का बंगला, 30 लाख की लग्जरी कार, CBI कोर्ट ने भेजा जेल

जोधपुर। फर्म के मालिक से 35 लाख रुपए का भुगतान करने के बदले 50 हजार रुपए रिश्वत लेने पर रंगे हाथों सीबीआई की गिरफ्त में आए जयपुर स्थित एमईएस के सहायक गैरीसन इंजीनियर से चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी ने महज तीन साल की नौकरी में ही 1.50 करोड़ रुपए का बंगला और 30 लाख रुपए की लग्जरी कार खरीद ली। जयपुर स्थित सरकारी क्वार्टर से सीबीआई ने तीन लाख रुपए भी जब्त किए हैं। आरोपी को अदालत ने सोमवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए।

यह वीडियो भी देखें

90 हजार रुपए की रिश्वत मांगी

सूत्रों के अनुसार जोधपुर की एक कंपनी को एमईएस जयपुर में टेंडर मिला था, जिसका 35 लाख रुपए का बिल बकाया था। इस भुगतान के बदले गैरीसन इंजीनियर सुधांशु सुमन ने 90 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने सीबीआई की जोधपुर शाखा में लिखित शिकायत दी। गोपनीय सत्यापन में 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी ने परिवादी को रिश्वत देने के लिए जयपुर बुलाया।

सीबीआई की टीम भी परिवादी के साथ जयपुर पहुंची, जहां 10 अप्रेल को परिवादी ने सहायक गैरीसन इंजीनियर सुधांशु सुमन को 50 हजार रुपए रिश्वत दी। उसी दौरान सीबीआई जोधपुर के प्रभारी राजवीर सिंह के निर्देशन में टीम ने दबिश देकर बिहार के भागलपुर निवासी सुधांशु सुमन को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जोधपुर लाकर शनिवार को सीबीआई मामलों की विशेष अदालत के मजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेजा गया था। रिमांड अवधि समाप्त होने पर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

अन्य अधिकारियों की भूमिका की जांच जारी

सीबीआई ने रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की। इस मामले में विभाग के अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

1.50 करोड़ में रजिस्ट्री कराकर मकान खरीदा

आरोपी सुधांशु सुमन ने वर्ष 2019 में रूड़की से आइआइटी की पढ़ाई की थी। वर्ष 2023 में उसे एमईएस में सहायक गैरीसन इंजीनियर के पद पर नियुक्ति मिली थी और वह जयपुर में पदस्थापित था। नियुक्ति के एक वर्ष बाद ही वर्ष 2024 में उसने बिहार के भागलपुर में 1.50 करोड़ रुपए में बंगला खरीदा। उसने मकान अपने नाम से रजिस्ट्री कराई। इसके अलावा गत वर्ष अगस्त में 30 लाख रुपए की लग्जरी कार भी खरीदी।

चार महीने पहले शादी हुई

आरोपी के जयपुर स्थित सरकारी क्वार्टर की तलाशी लेने पर सीबीआई को तीन लाख रुपए नकद मिले, जिनके बारे में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। यह राशि जब्त कर ली गई है। उसकी चार महीने पहले ही शादी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद उसकी नवविवाहित पत्नी और रिश्तेदार भी जोधपुर पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *