झाबुआ भगोरिया में जीतू पटवारी ने बजाया ढोल:बीजेपी-आप और बाप-जयस ने निकाली गेर, मांदल की थाप पर थिरके नेता

झाबुआ भगोरिया में जीतू पटवारी ने बजाया ढोल:बीजेपी-आप और बाप-जयस ने निकाली गेर, मांदल की थाप पर थिरके नेता

झाबुआ में आदिवासी संस्कृति का विश्व प्रसिद्ध पर्व ‘भगोरिया’ पूरे शबाब पर है। छठे दिन झाबुआ, डोलियाबाड़, रायपुरिया और काकनवानी के हाट बाजारों में जनसैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-मांदल की थाप और लोक संस्कृति के रंगों के बीच इस बार भगोरिया के मेले में सियासी दलों का जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला। झाबुआ में कांग्रेस की ‘गैर’ (जुलूस) आकर्षण का केंद्र रही। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी खुद ढोल बजाते नजर आए, तो वहीं विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने मांदल की थाप से कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया सहित कई दिग्गज नेता इस पारंपरिक जुलूस का हिस्सा बने। दूसरी ओर, भाजपा की गेर की कमान जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने संभाली। वे पूर्व सांसद गुमानसिंह डामोर के साथ ढोल की थाप पर थिरकते नजर आए। जब दोनों दलों की गैर आमने-सामने आईं, तो माहौल काफी रोमांचक हो गया। ‘आप’ और ‘बाप’ की भी दिखी धमक सियासी हलचल के बीच आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ और बाप-जयस की संयुक्त गेर में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। जिले के आला नेता और विधायक अपने समर्थकों का उत्साह बढ़ाते दिखे। मेले की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह खुद सड़कों पर मोर्चा संभाले रहे। पैदल चलने वाले ग्रामीणों को दिक्कत न हो, इसके लिए बसों और गाड़ियों के रूट बदल दिए गए थे। पारंपरिक वेशभूषा और आधुनिक सेल्फी का संगम भगोरिया के इस मेले में ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग अपनी पारंपरिक और सुंदर वेशभूषा में सजे-धजे पहुंचे थे। जहां एक तरफ लोग ढोल की थाप पर नाच रहे थे, वहीं दूसरी तरफ युवा मोबाइल से सेल्फी लेते और वीडियो बनाते दिखे। उत्कृष्ट मैदान में लगे झूलों का बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया। डोलियाबाड़ और रायपुरिया के बाजारों में भी तिल रखने की जगह नहीं थी, जो यह बताता है कि आधुनिकता के दौर में भी भगोरिया के प्रति लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *