गाजियाबाद में इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े उनके ऑफिस में घुसकर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावर उन्हें अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस की एक आरोपी जीशान से मुठभेड़ हो गई, जिसमें वह ढेर हो गया। जीशान की पहचान अमरोहा के सैदनंगली कस्बे के रहने वाले के रूप में हुई है। एनकाउंटर की खबर फैलते ही इलाके में उसकी चर्चा शुरू हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह अक्सर अपने मजहब से जुड़ी बातें करता था और सफेद कुर्ता-पायजामा, टोपी तथा लंबी दाढ़ी में नजर आता था। हमले के बाद मारे गए जीशान का घर सैदनंगली थाना क्षेत्र में सकतपुर रोड पर दयानंद इंटर कॉलेज के पीछे बताया गया है। उसके पिता बुनियाद अली परिवार के साथ यहीं रहते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुनियाद अली मूल रूप से गजरौला थाना क्षेत्र के गांव चौबारा के निवासी थे, लेकिन रोजगार की तलाश में 1980 से पहले सैदनंगली आकर बस गए। परिवार में पत्नी अफसाना, बड़ा बेटा गुलफाम, पांच बेटियां और सबसे छोटा जीशान था। बुनियाद अली कस्बे में लकड़ी के सामान बनाने का काम करते हैं और पांचों बेटियों की शादी हो चुकी है। मदरसे से इंटर तक की पढ़ाई जीशान को शुरुआती शिक्षा के लिए स्थानीय मदरसे भेजा गया था, जहां उसने करीब ढाई साल तक दीनी तालीम हासिल की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बाद में उसने मदरसा छोड़ दिया और पिता के साथ लकड़ी के काम में हाथ बंटाने लगा। साथ ही उसने नियमित पढ़ाई जारी रखी और 2020 में सैदनंगली के एक इंटर कॉलेज से 12वीं पास की। मदरसे की पढ़ाई के कारण उसका पहनावा ज्यादातर कुर्ता-पायजामा ही रहा, जिससे उसका व्यक्तित्व धार्मिक झुकाव वाला दिखाई देता था। नोएडा गया, फिर कोरोना में लौटा इंटरमीडिएट के बाद वह बड़े भाई गुलफाम के साथ काम करने के लिए नोएडा चला गया था, लेकिन कोरोना काल में वापस घर लौट आया। बहनों की शादी के बाद वह दोबारा नोएडा गया और भाई से अलग रहने लगा। बताया जा रहा है कि जीशान सोशल मीडिया पर सक्रिय था और इंस्टाग्राम व फेसबुक पर धार्मिक पोस्ट साझा करता था। हालांकि रविवार देर रात उसका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड दिखा और फेसबुक आईडी भी बंद हो गई। माना जा रहा है कि उसने खुद ही अपने अकाउंट बंद किए होंगे। हमले की साजिश में क्या था मकसद? जीशान की मौत के बाद अब गाजियाबाद और अमरोहा पुलिस इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की पृष्ठभूमि और संभावित मकसद की जांच में जुटी है। कस्बे से लेकर जिले तक, हर जगह अब इसी एनकाउंटर और हमले की चर्चा हो रही है।


