झुंझुनूं। जिले के बक्तावरपुरा निवासी जयसिंह कटेवा के सुपौत्र के विवाह समारोह में उस समय खास उत्साह का माहौल बन गया, जब भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ढोल बजाकर समारोह की रौनक बढ़ा दी। उनके ढोल बजाते ही वहां मौजूद मेहमानों और परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
दरअसल जयपुर स्थित एक रिसॉर्ट में मनोज कटेवा और शशि कटेवा के बेटे तथा डॉ. संजय कटेवा व डॉ. पवित्रा कटेवा के भतीजे डॉ. विधान कटेवा का विवाह डॉ. सोनिया कटेवा के साथ संपन्न हुआ। विवाह समारोह में परिवार, रिश्तेदारों और समाज के गणमान्य लोगों के साथ कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी शामिल हुईं।
मौजूद लोग उत्साहित
समारोह के दौरान जब पारंपरिक संगीत और ढोल की थाप गूंजने लगी तो पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने ढोल थामकर बजाना शुरू कर दिया। उनके इस अंदाज को देखकर समारोह में मौजूद लोग उत्साहित हो उठे। कुछ ही देर में पूरा माहौल उत्सवमय हो गया और मेहमान भी संगीत की धुन पर झूमते नजर आए।
यह वीडियो भी देखें
लोगों को अंदाज आया पसंद
धनखड़ का यह आत्मीय और सहज अंदाज लोगों को काफी पसंद आया। समारोह में मौजूद लोगों ने इसे यादगार पल बताया। विवाह समारोह में शामिल अतिथियों ने नवदंपती को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।


