Jhunjhunu News: पचलंगी। एनजीटी के आदेश पर काटली नदी बहाव क्षेत्र में कार्रवाई की गई। गुढ़ागौड़जी तहसीलदार कुलदीप भाटी के नेतृत्व में क्षेत्र के नाटास व शीथल ग्राम पंचायत के रामलालपुरा में काटली नदी के बहाव क्षेत्र में अतिक्रमण कर बोई गई चना,सरसों, तारामीरा सहित अन्य फसलों पर प्रशासन ने जेसीबी व ट्रैक्टर चलाया।
दोनों गांवों में लगभग 350 बीघा गैर मुमकिन नदी भूमि में लोगों ने खेती कर रखी थी। प्रशासन ने फसलों को खुर्द-बुर्द किया।
तहसीलदार कुलदीप भाटी ने बताया कि चिन्हित अतिक्रमणों को एनजीटी के आदेश की पालन करते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में हटाने की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में अतिक्रमणियों को नोटिस दिए गए थे। लेकिन उन्होंने अपने स्तर पर अतिक्रमण नहीं हटाए।
पत्रिका अभियान का लगातार असर

गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका ने ‘काटली नदी करे पुकार, मुझे बचाओ सरकार’ शीर्षक से अभियान चलाया था। इसके परिणाम स्वरूप प्रशासन जागा।
जल संसाधन विभाग ने 115 किलोमीटर काटली नदी में झुंझुनूं व चुरू में 362 अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे जहां लगातार कार्रवाई की जा रही है।


