उज्जैन में झूलेलाल जयंती के अवसर पर सिंधी समाज ने भव्य कार्यक्रमों का आयोजन शुरू किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़े भाई नारायण यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सिंधी समाज के समाजसेवी महेश परियानी ने नारायण यादव का स्वागत किया। इस दौरान झूलेलाल की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया गया। समाज के विभिन्न पंचायत अध्यक्षों ने भी नारायण यादव का अभिनंदन किया। फैशन शो से कार्यक्रम हुआ शुरू कार्यक्रम की शुरुआत सनातनी फैशन शो से हुई। इसमें सिंधी समाज के युवक-युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर प्रस्तुति दी। प्रतिभागियों को मेकअप आर्टिस्ट पूजा मोटवानी ने तैयार किया था। फैशन शो के दौरान सिंधी भजनों पर युवाओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर के सिंधी गायक मोहित लालवानी की भजन संध्या का आयोजन किया गया। उनकी मधुर आवाज में प्रस्तुत सिंधी और शिव भजनों पर समाज के सदस्य देर रात तक झूमते रहे। झूलेलाल जयंती 20 मार्च को पूरे देश में ‘चेटीचंड’ के रूप में मनाई जाएगी। उज्जैन में भी इस पर्व को लेकर सिंधी समाज में उत्साह है और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।


