मैनपुरी के डॉ. आलोक मेमोरियल पब्लिक स्कूल, खड़गजीत नगर की पांचवीं कक्षा की छात्रा जाह्नवी ने अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें “राष्ट्रीय हिंदी प्रतिभा सम्मान” से सम्मानित किया गया। जाह्नवी ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता हिंदी विकास संस्थान, दिल्ली द्वारा आयोजित की गई थी। इसमें देशभर के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। जाह्नवी ने अपनी भाषाई समझ, शब्द-ज्ञान और रचनात्मक क्षमता के बल पर कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। सम्मान समारोह तीन मूर्ति भवन सभागार, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नई दिल्ली में आयोजित हुआ। इस अवसर पर हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रमाण-पत्र पर हिंदी विकास संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पीयूष कुमार शर्मा के हस्ताक्षर अंकित हैं। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने जाह्नवी की सफलता को निरंतर अभ्यास, सही मार्गदर्शन और पारिवारिक सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे मैनपुरी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। जाह्नवी के अभिभावकों ने भी उसकी मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जाह्नवी की इस सफलता पर नगर के शिक्षाविदों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और परिचितों ने बधाई दी। सभी ने कहा कि हिंदी जैसी समृद्ध भाषा में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करना गर्व की बात है। यह सफलता दर्शाती है कि सही दिशा और कड़ी मेहनत से छोटे शहरों के विद्यार्थी भी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित कर सकते हैं।


