Married Woman Suspicious Death: झालावाड़ जिले के दांगीपुरा थाना क्षेत्र के गुवाड़ी गांव में एक 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव रविवार सुबह उसके घर के बाहर फंदे से लटका मिला। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मृतका के पिता ने पति और सास पर हत्या का आरोप लगाया है।
सुबह मिली सूचना, मौके पर पहुंचे परिजन
थाना अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली कि गुवाड़ी गांव निवासी निया बाई (20), पत्नी विष्णु तंवर, घर के बाहर दीवार पर साफी से फंदा लगाकर लटकी हुई है। बताया जा रहा है कि महिला रात से ही फंदे पर लटकी हुई थी। सुबह करीब 7 बजे पति विष्णु तंवर ने इस घटना की सूचना मृतका के काका को दी।
सूचना मिलने पर मध्य प्रदेश के कालीपीठ थाना क्षेत्र के पाडली गांव से मृतका के पिता भूरालाल तंवर और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के पिता भूरालाल तंवर ने थाने पहुंचकर रोते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में अक्सर विवाद होता था। पति और सास दोनों उसके साथ मारपीट करते थे। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसे मारकर फंदे पर लटकाया गया है ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मनोहरथाना के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां पुलिस और उपखंड अधिकारी पुष्कर मित्तल की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए।
संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए महिला डॉक्टर और दो पुरुष डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


