झालावाड़ जिला राज्य में अव्वल:उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 73 संस्थानों को कायाकल्प अवॉर्ड मिला

झालावाड़ जिला राज्य में अव्वल:उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 73 संस्थानों को कायाकल्प अवॉर्ड मिला

झालावाड़ जिले ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने और उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन करने में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करते हुए यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। स्वास्थ्य विभाग के लिए यह गर्व का क्षण रहा जब कायाकल्प कार्यक्रम के तहत जिले के 73 चिकित्सा संस्थानों को राज्य स्तर से कायाकल्प अवॉर्ड प्राप्त हुआ। इनमें 3 अस्पताल, 21 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और 49 उपस्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। इन चयनित संस्थानों को जिला स्तरीय क्वालिटी एश्योरेंस एवं कायाकल्प सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्तर से चयनित 31 चिकित्सा संस्थानों को भी सम्मानित किया गया। इनमें 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 26 उपस्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में एक विशेष अवार्ड समारोह आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. साजिद खान ने कहा कि यह सम्मान अस्पताल की टीम की मेहनत, समर्पण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद नागर ने बताया कि इस मानक के तहत अस्पतालों का मूल्यांकन सेवा गुणवत्ता, मरीज अधिकार, संक्रमण नियंत्रण, क्लीनिकल सेवाएँ, प्रबंधन एवं अन्य महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया जाता है। चयनित संस्थाओं को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है, जिससे चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक सेवाओं का विस्तार किया जाता है। कार्यक्रम को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय तीन दिवसीय सर्विस प्रदाता प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें जिले से 90 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण राज्य स्तरीय प्रशिक्षक मोहम्मद इरशाद मिर्जा और ब्रह्मदेव गौतम ने प्रदान किया, जिसमें प्रतिभागियों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम की रूपरेखा एवं गुणवत्ता सुधार के विभिन्न पहलुओं के बारे में प्रशिक्षित किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *