Jhalawar Crime: मासूम से आपत्तिजनक हरकत करने पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, आरोपी के घर चला बुलडोजर, JCB से गिराया मकान

Jhalawar Crime: मासूम से आपत्तिजनक हरकत करने पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, आरोपी के घर चला बुलडोजर, JCB से गिराया मकान

Bulldozer Action In Jhalawar: झालावाड़ के सोयतकलां क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले के बाद प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही उसके अवैध मकान को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बन गई थी, जिसे प्रशासन ने समझाइश से नियंत्रित किया।

नाबालिग से आपत्तिजनक हरकत का आरोप

जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा अपनी सहेली के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी अफरोज ने उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की। छात्रा के परिजनों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

ग्रामीणों ने किया विरोध, सौंपा ज्ञापन

घटना के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखने को मिला। गुरुवार को परिजनों और ग्रामीणों ने थाना प्रभारी और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के अवैध मकान को गिराने की मांग की। लोगों का कहना था कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

हाईवे पर चक्का जाम

मांग पूरी नहीं होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने देहरिया गांव के पास नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।

प्रशासन ने गिराया अवैध मकान

स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। बाद में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के अतिक्रमण पर बने अवैध मकान को ध्वस्त करने का फैसला लिया। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से मकान को गिरा दिया।

कार्रवाई के बाद हालात सामान्य

मकान गिराने की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हो गया और चक्का जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद यातायात भी सामान्य हो गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *