कोडरमा में 50 लाख के जेवरात की चोरी:शॉप चार दिनों से थी बंद, दीवार में सेंधमारी कर अंदर घुसे चोर

कोडरमा में 50 लाख के जेवरात की चोरी:शॉप चार दिनों से थी बंद, दीवार में सेंधमारी कर अंदर घुसे चोर

कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित झंडा चौक पर एक जेवर की दुकान में सेंधमारी कर चोरों ने लगभग 50 लाख रुपए के जेवरात चुरा लिए। दुकान मालिक अशोक भदानी के अनुसार, यह घटना तब हुई, जब दुकान चार दिनों से बंद थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुकान मालिक अशोक भदानी ने बताया कि वह मंगलवार से अपनी दुकान बंद कर जमशेदपुर में अपनी बेटी के नाती के छठियारी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शनिवार को जब वह झुमरीतिलैया लौटे और दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। भदानी ने देखा कि दुकान की पश्चिमी दीवार में सेंधमारी की गई थी। जांच करने पर पता चला कि दुकान में रखे सोने और चांदी के सभी जेवरात गायब थे। चोरों ने बगल की एक पुरानी बंद कबाड़नुमा दुकान में घुसकर उनकी दुकान की दीवार तोड़ी और अंदर प्रवेश किया। अशोक भदानी ने पुष्टि की कि लगभग 50 लाख रुपए के जेवरात चोरी हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी दुकान में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिससे चोरों की पहचान मुश्किल हो गई है। घटना की सूचना मिलने पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि दुकान चार-पांच दिनों से बंद होने के कारण चोरी की सटीक तारीख का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। यह घटना शहर के मुख्य चौराहे झंडा चौक पर हुई है, जहां 24 घंटे पुलिस की तैनाती रहती है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर इस वारदात को अंजाम दिया। इस चोरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *