एटा जिले के अंगदपुर गांव में शनिवार देर रात एक बंद मकान से लाखों रुपये के जेवरात और 60 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। मकान मालिक रामसनेही (55 वर्ष) किसी काम से बाहर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी सूरजमुखी दुकान पर सो रही थीं। सुबह जब सूरजमुखी घर लौटीं, तो उन्होंने घर के ताले टूटे और अंदर सामान बिखरा पाया। उन्होंने तुरंत राजा का रामपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ अलीगंज राजेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल का निर्देश दिया। सूरजमुखी ने जानकारी देते हुए बताया कि चोर दो जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी गुच्छा, दो जोड़ी पायल, एक कंधनी और 60 हजार रुपये नकद ले गए। उन्होंने डायल 112 पर भी पुलिस को सूचित किया था। क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मौके पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है और आगे की जांच जारी है।


