छतरपुर में एक युवती की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने सोमवार को शहर के चर्चित ज्वेलरी शॉप के संचालक को हिरासत में लिया है। युवती ने संचालक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) अरुण सोनी ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी प्रशांत सोनी को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और नियमों के तहत बयान दर्ज कराए हैं। आरोपी प्रशांत सोनी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और अन्य गवाहों की जांच कर रही है। आरोपी के पिता बोले- यह ब्लैकमेलिंग
वहीं, आरोपी के परिवार ने इन आरोपों को सुनियोजित ब्लैकमेलिंग और पैसों के लेन-देन से जुड़ा विवाद बताया है। आरोपी के पिता जगदीश सोनी ने मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखा। जगदीश सोनी के अनुसार, करीब तीन साल पहले युवती उनकी दुकान पर ग्राहक बनकर आई थी और इंस्टाग्राम पर अपनी जाति छुपाकर उनके बेटे से दोस्ती की थी। उन्होंने बताया कि युवती ने दुकान से उधार जेवरात खरीदे थे, जिसके कुछ चेक भी बाउंस हुए थे। जगदीश सोनी का आरोप है कि इसी उधार के लेन-देन को लेकर उनके बेटे को फंसाया जा रहा है। सबूतों की जांच करने की मांग की
उन्होंने दावा किया कि पीड़िता और उसके परिवार ने सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर उनके बेटे पर दबाव बनाया और अब ब्लैकमेलिंग कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऑडियो-वीडियो सबूतों की जांच करने की मांग की है। दूसरी ओर, पीड़िता ने स्वीकार किया कि जेवरात की खरीद का मामला पुराना है, लेकिन उसका प्रशांत के साथ व्यक्तिगत संबंध शादी के वादे पर आधारित था। पीड़िता के अनुसार, प्रशांत ने भावनाओं और शादी का झांसा देकर उसका मानसिक और शारीरिक शोषण किया है, जिसका व्यापारिक लेन-देन से कोई संबंध नहीं है।


