लखनऊ में ज्वैलरी शॉप में लगी आग:केबल से पड़ोसी के घर तक पहुंची, ज्वेलर का परिवार बचा

लखनऊ में ज्वैलरी शॉप में लगी आग:केबल से पड़ोसी के घर तक पहुंची, ज्वेलर का परिवार बचा

लखनऊ के बंथरा कस्बे में कानपुर रोड स्थित एक ज्वैलरी शॉप में शनिवार रात भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग पर 3 दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। घटना में लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहनों के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई। यह दुकान बंथरा कस्बा निवासी रमाशंकर वर्मा की है। वह अपने मकान के अगले हिस्से में सोने-चांदी के गहनों की दुकान चलाते हैं, जबकि पीछे के कमरों में अपने बेटे छोटकऊ और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते हैं। दुकान में आग रात करीब 12 बजे लगी। उस समय रमाशंकर अपने परिवार के साथ घर के अंदर थे। आग की लपटें बाहर निकलीं तो पड़ोसी चिल्लाए इसी दौरान दुकान में विद्युत शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई और देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें दुकान से बाहर निकलती देख पड़ोसियों ने शोर मचाया और तुरंत रमाशंकर वर्मा को सूचना दी। सूचना मिलते ही रमाशंकर वर्मा और उनका परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया। इसके बाद स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया। सरोजनी नगर फायर स्टेशन से एफएसओ धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में दो दमकल गाड़ियां और आलमबाग फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। पड़ोसी के घर तक पहुंची आग, केबल झुलसे आग की चपेट में आने से विद्युत केबल के माध्यम से पड़ोसी कन्हैयालाल के घर के सामने तक भी आग पहुंच गई, जहां तारों में धमाके हुए, जिससे लोग दहशत में आ गए। घटना स्थल कानपुर हाईवे के किनारे होने के कारण काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल, नुकसान का सही आकलन नहीं हो सका है, लेकिन लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहनों के जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते दुकान मालिक और उनका परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *