जेईई मेन 2026 : स्टूडेंट्स को अप्रेल सेशन की एग्जाम सिटी का इंतजार

जेईई मेन 2026 : स्टूडेंट्स को अप्रेल सेशन की एग्जाम सिटी का इंतजार

जेईई मेन परीक्षा का दूसरा सेशन 2 अप्रेल से शुरू होगा। परीक्षा में लाखों स्टूडेंटस शामिल होंगे। लाखों विद्यार्थी एनटीए की ओर से परीक्षा शहर (एग्जाम सिटी) की सूचना जारी करने का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा आयोजन को लेकर अब 12 दिन ही शेष हैं, लेकिन अब तक परीक्षा शहर की जानकारी उपलब्ध नहीं होने से अभ्यर्थियों और अभिभावकों में संशय बना हुआ है। विद्यार्थियों को परीक्षा शहर तक पहुंचने के लिए ट्रेन या बस से रिजर्वेशन भी करना होगा।

एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि दूसरे सेशन की परीक्षा देश के 323 व 15 विदेशी शहरों में आयोजित होगी। इस बार परीक्षा शहर की सूचना जारी होने में देरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां एक कारण हो सकती हैं। अमरीका, इजरायल-ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण मध्य-पूर्व और खाड़ी देशों में स्थित परीक्षा केंद्रों पर प्रभाव पड़ने की आशंका है। इससे परीक्षा शहरों की संख्या और व्यवस्थाओं में बदलाव संभव है।

उन्होंने बताया कि दोहा, दुबई, मस्कट, रियाद, कुवैत और आबू धाबी जैसे शहरों में भी जेईई मेन के परीक्षा केंद्र प्रस्तावित रहते हैं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इन क्षेत्रों में परीक्षा आयोजन प्रभावित हो सकता है, जिसके चलते परीक्षा शहर की सूचना जारी करने में विलंब हो रहा है। इन जगहों पर परीक्षा को टाला भी जा सकता है।

दूसरे सेशन में करीब 12 लाख स्टूडेंट्स

इस बार पहले और दूसरे सेशन को मिलाकर यूनिक कैंडिडेट 16 लाख से ज्यादा हो सकते हैं। दूसरे चरण के अप्रेल सेशन में करीब 12 लाख स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे। एनटीए ने पहले सेशन जनवरी के लिए 8 जनवरी को एग्जामिनेशन सिटी इंफॉरमेशन स्लिप जारी कर दी थी, जबकि परीक्षा 21 जनवरी से शुरू होनी थी, यानी करीब 2 सप्ताह पहले यह जानकारी साझा की गई थी।

परीक्षा कितने शिफ्ट में होगी

शर्मा ने बताया कि एग्जाम सिटी इंफॉरमेशन स्लिप के साथ यह जानकारी भी मिल जाती है कि परीक्षा कितने शिफ्ट में आयोजित होगी। बीटेक व बीई की परीक्षा कितने दिन होगी। किस दिन बीआर्क और बी प्लानिंग की परीक्षा होगी।

वैकल्पिक मूल्यांकन पद्धति पर विचार

सीबीएसई ने बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में 12वीं बोर्ड की कुछ परीक्षाएं रद्द किए जाने की खबरों ने भी अभ्यर्थियों की चिंताएं बढ़ा दी। जानकारी के अनुसार, सीबीएसई वैकल्पिक मूल्यांकन पद्धति पर भी विचार कर रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *