फिल्म धुरंधर की सिंगर जैस्मिन सैंडलस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने कॉन्सर्ट के बीच में गाना रोक देती हैं, क्योंकि उन्हें दिखता है कि कुछ पुरुष महिलाओं के एक ग्रुप को परेशान कर रहे हैं। यह क्लिप 7 फरवरी को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए जैस्मिन सैंडलस के हालिया कॉन्सर्ट की है। वीडियो में जैस्मिन पहले गाना शुरू करती हैं, फिर अचानक कहती हैं, “सिक्योरिटी, प्लीज इन दो लड़कों को बाहर निकालिए। ये लड़कियां को परेशान कर रहे हैं।” इसके बाद उन्होंने पंजाबी में भीड़ से कहा, “मैं तब तक परफॉर्म नहीं करूंगी, जब तक लड़कियां मेरे कॉन्सर्ट में सेफ महसूस नहीं करतीं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं ऐसे ही स्टेज पर घूमती रहूंगी, जब तक समस्या हल नहीं हो जाती।” इस पर दर्शकों ने जोरदार तालियों और चीयर के साथ उनको सपोर्ट किया। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए आवाज उठाने पर जैस्मिन की तारीफ की। इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने लिखा – “जबरदस्त… सच्ची शेरनी, महिला सशक्तिकरण।” दूसरे ने कहा – “आपके लिए बहुत इज्जत है।” एक अन्य यूजर ने लिखा – “जैस्मिन सैंडलस, बहुत सही।” वहीं, एक यूजर ने यह भी कहा – “भाई, वो सच में क्वीन है।” बता दें कि जैस्मिन ने हाल ही में आदित्य धर की फिल्म धुरंधर में दो गानों को अपनी आवाज दी है। जैस्मिन ने फिल्म धुरंधर में दो प्रमुख एक फिल्म का टाइटल ट्रैक (हनुमानकाइंड के साथ) और दूसरा ट्रैक ‘शरारत’ गाने गाए हैं। इस कॉन्सर्ट में आयशा खान भी उनके साथ थीं। आयशा खान ने स्टेज पर कहा, “स्टेज पर आकर मैं सारे स्टेप्स भूल गई, लेकिन यहां आकर बहुत खुशी हो रही है। मैं हमेशा जैस्मिन से कहती हूं, वह भगवान की खास संतान हैं।”
लाइव शो में जैस्मिन सैंडलस ने रोका गाना:दिल्ली में सिंगर बोलीं- ‘लड़कियां सेफ नहीं तो मैं गाना नहीं गाऊंगी’


