जानकी सामूहिक विवाह की तैयारियां जोरों पर, समाजसेवी को सौंपा आमंत्रण

जानकी सामूहिक विवाह की तैयारियां जोरों पर, समाजसेवी को सौंपा आमंत्रण

गढ़वा | जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन के तत्वावधान में आगामी 21 फरवरी को आयोजित होने वाले भव्य सामूहिक विवाह समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में फाउंडेशन की ओर से वरिष्ठ समाजसेवी अर्जुन पांडेय उर्फ गुरु पांडेय को समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रण पत्र सौंपा गया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने गुरु पांडेय से मुलाकात कर उन्हें समारोह में सपरिवार उपस्थित रहने का आग्रह किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने बताया कि जानकी सामूहिक विवाह समारोह का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना है। यह आयोजन समाज में एकता, सहयोग, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। पदाधिकारियों ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक कुरीतियों को कम करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। समारोह को भव्य और सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। विवाह स्थल की सजावट, अतिथियों की व्यवस्था, वर-वधू एवं उनके परिजनों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। गुरु पांडेय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायी होते हैं। मौके पर संस्था के अध्यक्ष संजीव कुमार दुबे, सचिव महाकाल तिवारी, अजीत उपाध्याय, अंजन धर दुबे, चंदन धर दुबे, प्रिंस चौबे, शशिकांत गुरु और प्रमोद शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *