Jammu and Kashmir | किश्तवाड़ के जंगलों में Operation Trashi-I, आठ जवानों के घायल होने के बाद घेराबंदी सख्त, आतंकियों की तलाश में सेना का बड़ा सर्च ऑपरेशन

Jammu and Kashmir | किश्तवाड़ के जंगलों में Operation Trashi-I, आठ जवानों के घायल होने के बाद घेराबंदी सख्त, आतंकियों की तलाश में सेना का बड़ा सर्च ऑपरेशन

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ के बाद सोमवार सुबह से ‘सर्च ऑपरेशन’ एक बार फिर शुरू कर दिया गया है। रविवार को हुए हमले में सेना के आठ जवान घायल हो गए थे, जिसके बाद पूरे इलाके को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है।

दुर्गम इलाके में ‘ऑपरेशन त्राशी-I’

सेना की व्हाइट नाइट कोर ने इस अभियान को ‘ऑपरेशन त्राशी-I’ का नाम दिया है। चतरू के उत्तर-पूर्व में स्थित सोनार गांव के पास घने जंगलों और ढलानों वाले इलाके में रविवार दोपहर मुठभेड़ शुरू हुई थी। रात के समय दुर्गम भूभाग और कम दृश्यता के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, जिसे सोमवार तड़के भारी सैन्य बल के साथ फिर से शुरू किया गया।

किश्तवाड़ में आतंकवादियों की तलाश में अभियान फिर से शुरू 

चतरू क्षेत्र के मन्द्राल-सिंहपुरा के पास सोनार गांव में रविवार को अभियान शुरू किया गया और इस दौरान वहां छिपे आतंकवादियों के हमले में आठ सैनिक घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में पेड़ होने और ढलानों वाले दुर्गम इलाके में दृश्यता और आवागमन सीमित होने के कारण रविवार देर रात अभियान रोक दिया गया।

ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से घेराबंदी 

अधिकारियों ने बताया कि सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कई टीम ड्रोन और खोजी कुत्तों के साथ इलाके में तलाश अभियान संचालित कर रही हैं और साथ ही कड़ी सुरक्षा घेराबंदी किए हुए हैं ताकि आतंकवादी भाग नहीं सकें।
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के दो से तीन आतंकवादी इलाके में छिपे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुबह होते ही अभियान फिर से शुरू कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है।

 चुनौतीपूर्ण भूभाग और घायल जवान

जम्मू स्थित सेना की व्हाइट नाइट कोर ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘ऑपरेशन त्राशी-I’ के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त आतंकवाद रोधी अभियान में सुरक्षा बलों का चतरू के उत्तर-पूर्व में स्थित सोनार क्षेत्र में आतंकवादियों से सामना हुआ।
सेना ने कहा, ‘‘घेराबंदी को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया है और असैन्य प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियों के साथ घनिष्ठ समन्वय के साथ अभियान जारी है।’’

सेना ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और भूभाग में शत्रु की गोलीबारी का जवाब देने में सैनिकों की असाधारण दक्षता और दृढ़ संकल्प की सराहना की।
यह मुठभेड़ इस साल जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच तीसरी झड़प है। इससे पहले सात और 13 जनवरी को कठुआ जिले के बिलवार क्षेत्र के कहोग और नजोते जंगलों में मुठभेड़ हुई थी।

News Source- PIT 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *