हमीरपुर में जल संस्थान के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने अपने उच्च अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उनका कहना है कि वर्षों से उनका वेतन नहीं बढ़ाया गया है, जबकि शासनादेश के अनुसार उन्हें बढ़ा हुआ वेतन मिलना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वाले सभी कर्मचारी पचुवा का डेरा चंदूपुर गांव के निवासी हैं। वे जल संस्थान में प्लंबर और वसूली कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। कर्मचारियों के अनुसार, प्लंबरों को प्रतिमाह मात्र 8 हजार रुपये और वसूली कर्मचारियों को 6500 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि काम के सिलसिले में उन्हें लगातार भागदौड़ करनी पड़ती है, जिसमें पेट्रोल आदि पर काफी खर्च हो जाता है। इस कम वेतन में परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। कर्मचारियों पृथ्वी और मनोज ने आरोप लगाया कि जब वे वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर एक्सईएन से मिलने पहुंचे, तो उन्होंने न केवल उनकी मांग को खारिज कर दिया, बल्कि उन्हें भगा दिया। एक्सईएन ने कथित तौर पर चेतावनी दी कि यदि काम करना है तो करें, नहीं तो नौकरी से हटा दिए जाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले सात वर्षों से इसी वेतन पर काम कर रहे हैं, जबकि शासनादेश के अनुसार उनका वेतन बढ़ाया जाना चाहिए था। उन्होंने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए जल्द से जल्द वेतन बढ़ोतरी कराने की मांग की है।


