Jal Jeevan Mission: जल जीवन मिशन-2 से इस जिले को मिलेगा घर-घर पानी, 2027 तक पूरे होंगे सभी अधूरे काम

Jal Jeevan Mission: जल जीवन मिशन-2 से इस जिले को मिलेगा घर-घर पानी, 2027 तक पूरे होंगे सभी अधूरे काम

Drinking Water Project: जयपुर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने विधानसभा में कहा कि जल जीवन मिशन के तहत बाड़मेर जिले में लंबित कार्यों को जल जीवन मिशन-2 के माध्यम से तय समयसीमा में पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के कारण कई परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो सकीं, जिसके बाद केंद्र सरकार ने शेष कार्यों को गति देने के लिए मिशन-2 की शुरुआत की।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक रविंद्र सिंह भाटी के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए मंत्री ने बताया कि बाड़मेर जिले में अधूरे कार्यों के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं। 83 गांवों में चल रहे कार्यों को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि बाड़मेर लिफ्ट पेयजल परियोजना के पैकेज सीपी-03 के तहत गूंगा गांव का कार्य मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी 1642 गांवों को घर-घर जल कनेक्शन देने के लिए 47 वृहद एवं लघु योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। कुल 3 लाख 76 हजार 583 कनेक्शनों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से अब तक 50 हजार 529 कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।

जायका वित्त पोषित नर्मदा नहर आधारित परियोजना से 822 गांवों में 2 लाख 38 हजार से अधिक कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके अलावा बाड़मेर लिफ्ट पेयजल परियोजना फेज-द्वितीय के तहत 346 गांवों में 62 हजार 200 कनेक्शन जारी किए जाएंगे। शेष पैकेजों की निविदा प्रक्रिया जारी है।

मंत्री ने कहा कि दूरस्थ ढाणियों, खेतों और एकल घरों तक भी तकनीकी व वित्तीय उपलब्धता के अनुसार जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी तथा कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए प्रशासनिक स्तर पर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *