‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को मिला जन समर्थन:जल कलश रैली निकाली, नदी के घाट की सफाई

‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को मिला जन समर्थन:जल कलश रैली निकाली, नदी के घाट की सफाई

प्रदेश शासन द्वारा जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” के अंतर्गत जिले में लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को विकासखंड धनौरा के ग्राम सलेमा में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। अभियान के तहत ग्राम सलेमा में एक जल कलश रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा शामिल हुए। रैली गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई स्थानीय हालोन नदी तट तक पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने जल संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक किया। नदी तट पर पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात ग्रामीणों और अधिकारियों ने मिलकर घाट की साफ-सफाई की। कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ओमकार सिंह ठाकुर, पीसीओ सनत कुमार जैन, श्याम उईके, एपीओ भूपेंद्र राजपूत, ग्राम सरपंच करन सिंह सलाम, सचिव शमशेर खान सहित जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर संस्था के सदस्य उपस्थित रहे सभी ने मिलकर श्रमदान करते हुए नदी तट को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण की शपथ ली और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। वर्षा जल संचयन की अपील वक्ताओं ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के बिना भविष्य की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से जल के दुरुपयोग को रोकने और वर्षा जल संचयन जैसी गतिविधियों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि जल संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के माध्यम से जिले में जल संरक्षण की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में बेहतर परिणाम देंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *