भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर ने वेनेजुएला के हालात पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला के साथ भारत के अच्छे संबंध रहे हैं। इस समय सभी पक्षों को ऐसा हल निकालना चाहिए जो वहां के लोगों के हित में हो। लक्जमबर्ग में एक फोरम में जयशंकर ने कहा हम वेनेजुएला में हो रहे घटनाक्रम को लेकर चिंतित हैं। यह एक ऐसा देश है जिसके साथ हमारे बहुत अच्छे रिश्ते हैं। हम सभी पक्षों से अनुरोध करते हैं कि वे लोगों के हित में एक समाधान पर पहुंचें। भारत ने साथ ही क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पक्षों से संवाद और शांतिपूर्ण समाधान अपनाने की भी अपील की है। अमेरिका ने 2 जनवरी की रात वेनेजुएला पर हमला कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पत्नी समेत गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने न्यूयॉर्क की जेल में रखा गया है। दो दिन पहले विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया था इससे पहले सोमवार को विदेश मंत्रालय (MEA) ने भी बयान जारी कर कहा था कि वेनेजुएला में हालिया घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत वेनेजुएला की जनता की सुरक्षा और भलाई के समर्थन में खड़ा है। सभी पक्षों से शांतिपूर्ण संवाद के जरिए समस्या सुलझाने और क्षेत्र में शांति व स्थिरता बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही बताया गया कि कराकस में भारतीय दूतावास वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के संपर्क में है और हर संभव मदद दी जा रही है। इसके अलावा भारत सरकार ने एक एडवाइजरी जारी कर भारतीय नागरिकों से वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्रा से बचने को कहा। वहीं, वेनेजुएला में रह रहे भारतीयों को बेहद सतर्क रहने और अपनी आवाजाही सीमित रखने की सलाह दी गई। वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के बाद कई देशों ने चिंता जाहिर की थी। इनमें रूस, चीन और ईरान भी शामिल थे। विदेश मंत्री बोले- ज्यादातर देश अपना फायदा देखते हैं विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा है कि आज के समय में ज्यादातर देश वही कदम उठाते हैं, जिससे उनका खुद का फायदा हो। लेकिन इसके बावजूद वे भारत को बिना मांगे “मुफ्त की सलाह” देने से नहीं चूकते। जयशंकर ने कहा कि ऐसा ही रवैया ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी देखने को मिला। कई देशों ने तब कहा कि उन्हें क्षेत्र में बढ़ते तनाव की चिंता है। उन्होंने कहा, सच में चिंता है? तो पहले अपने इलाके को देखिए, वहां की स्थिति से हमें कितनी परेशानी होती है। विदेश मंत्री के इस बयान को भारत की विदेश नीति पर बाहरी दखल पर कड़ी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। ट्रम्प ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति को सत्ता से हटाया अमेरिका ने वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटा दिया। 2 जनवरी की रात अमेरिकी सैनिकों ने ऑपरेशन चलाकर मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को हिरासत में ले लिया था। इसके साथ ही वेनेजुएला में मादुरो का शासन समाप्त हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस कार्रवाई को वेनेजुएला में “लोकतंत्र बहाल करने की दिशा में जरूरी कदम” बताया है। ट्रम्प प्रशासन का दावा है कि मादुरो लंबे समय से ड्रग्स और हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। अमेरिकी कार्रवाई के बाद मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क लाया गया, जहां उन्हें डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। उन पर अमेरिका में हथियारों और ड्रग्स की तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में मादुरो की पत्नी सीलिया फ्लोरेस को भी आरोपी बनाया गया है। अमेरिकी एजेंसियों का कहना है कि फ्लोरेस पर अपहरण और हत्याओं के आदेश देने के आरोप हैं। इस कार्रवाई के बाद लैटिन अमेरिकी देशों में तनाव भी बढ़ गया है।
जयशंकर ने वेनेजुएला के हालात पर चिंता जताई:कहा- हमारे रिश्ते अच्छे हैं, बातचीत से समस्या का हल निकालें; अमेरिका ने हमला किया था


