Jaipur Signal Free Road Project: जयपुर की इन 2 व्यस्त सड़कों को सिग्नल फ्री करने की तैयारी, बनेंगे 17 यू-टर्न; आसान होगी राह

Jaipur Signal Free Road Project: जयपुर की इन 2 व्यस्त सड़कों को सिग्नल फ्री करने की तैयारी, बनेंगे 17 यू-टर्न; आसान होगी राह

Jaipur News: जयपुर शहर की दो व्यस्त सड़कों में शामिल सीकर रोड और न्यू सांगानेर रोड पर जल्द ही वाहनों को ट्रैफिक लाइट पर नहीं रुकना पड़ेगा। हरे कृष्णा मार्ग (महल रोड) के बाद जेडीए ने इन दो प्रमुख मार्गों को ट्रैफिक लाइट से मुक्त करने का निर्णय लिया है। अगले माह से जेडीए इन दोनों सड़कों पर काम शुरू करेगा।

जेडीए प्लान पर गौर करें तो सीकर रोड पर 10 व न्यू सांगानेर रोड पर सात यू टर्न बनाए जाएंगे। इससे वाहन बिना रुके आगे बढ़ सकेंगे। पहले चरण में जेडीए ने उन सड़कों को चुना है जो पर्याप्त चौड़ी है और मौके पर सुधार करना आसान है। योजना के तहत जंक्शन की री-डिजाइनिंग, व्यवस्थित यू-टर्न व पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग विकसित की जाएगी।

सीकर रोड: अत्यधिक भीड़, राहगीरों की राह मुश्किल

सीकर रोड शेखावाटी क्षेत्र और उत्तरी राजस्थान से जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है, जिस पर भारी संख्या में आंतरिक और क्षेत्रीय यातायात चलता है। इस मार्ग पर तेज शहरी विकास के कारण कई जंक्शन पर अत्यधिक भीड़, असुरक्षित मोड़ और पैदल यात्रियों की सुरक्षा बड़ा सवाल है। कई हादसे भी हो चुके हैं।

प्रमुख चौराहों पर कई टकराव बिंदु, अव्यवस्थित आवाजाही और अचानक लेन परिवर्तन के कारण दुघर्टना होती है। सुरक्षित पैदल यात्री क्रॉसिंग में बुनियादी ढांचे का अभाव, व्यस्त समय में बार-बार यातायात जाम और दुर्घटनाओं का बढ़ता जोखिम और यात्रा में देरी होती है।

न्यू सांगानेर रोड: फुटपाथ का विकास, ग्रीनरी भी बढ़ेगी

प्रमुख चौराहों को ट्रैफिक लाइट से मुक्त किया जाएगा। इसके अलावा फुटपाथ विकास और बागवानी सुधार कर कॉरिडोर को हरा-भरा भी बनाया जाएगा। 200 फीट चौड़ी इस रोड पर सात यू-टर्न बनाए जाएंगे। भृगु पथ, रजत पथ, वीटी रोड, पटेल मार्ग, विजय पथ और बी-टू-बाइपास चौराहे विकसित किए जाएंगे। जेडीए ने न्यू सांगानेर रोड से अतिक्रमण हटाए थे और अब यहां पर सड़क मास्टर प्लान के अनुरूप है। यही वजह है कि जेडीए इस सड़क को विकसित कर रहा है।

स्कूलों के आस-पास जंक्शन इम्प्रूवमेंट

बच्चों की सड़क पर आवाजाही सुरक्षित हो, इसके लिए जंक्शन इम्पूवमेंट किया जाएगा। इसकी शुरुआत भगवान दास मार्ग से होगी। जेडीए पैदल चलने वालों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं विकसित करेगा। चौराहे की चारों सड़कों पर पैदल चलने वालों के लिए पेंट किया जाएगा और चौराहे से वाहन पांच मीटर पीछे रोके जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *