जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न रेल परियोजनाओं और रेलवे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। ट्रेनों की ठहराव की मांग उठाई भाजपा जयपुर जिला देहात उत्तर मीडिया प्रभारी सुभाष जोशी ने बताया कि सांसद ने दिल्ली-जयपुर नई रेल लाइन (दिल्ली से कोटपूतली, शाहपुरा होते हुए जयपुर तक) के निर्माण पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने किशनगढ़-रेनवाल, सांभरलेक और नरैना सहित जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के अन्य रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग की। चर्चा के दौरान फुलेरा विधानसभा क्षेत्र के भावसा में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब स्थापित करने का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद ने झोटवाड़ा और फुलेरा विधानसभा क्षेत्रों में स्थित आसलपुर-जोबनेर, सिरसी-हाथोज, बिन्दायका, सिंवार, धानक्या, श्योसिंहपुरा, बोबास सिंवार और ढींढा सहित कई रेलवे फाटकों पर आरओबी/आरयूबी (रेलवे ओवरब्रिज/अंडरब्रिज) के निर्माण कार्य की आवश्यकता पर भी बल दिया। यात्री सुविधाओं पर भी चर्चा की राव राजेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के समग्र विस्तार और उनके उन्नयन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जयपुर ग्रामीण की जनता को बेहतर रेल सेवाएं, सुरक्षित आवागमन और आधुनिक स्टेशन सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद राव राजेंद्र सिंह को जयपुर ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ी रेल परियोजनाओं और कार्यों को लेकर हर संभव पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।


