SMS Hospital Jaipur: जयपुर शहर में बेमौसमी बारिश से एसएमएस अस्पताल के ट्रोमा सेंटर से फिर अव्यवस्थाओं की तस्वीर सामने आई है। बुधवार को शहर में हुई बेमौसमी बारिश के कारण ऑपरेशन थियेटर के पास बने प्री-ऑपरेटिव वार्ड में पानी भर गया, जिससे वहां भर्ती मरीजों को आनन-फानन में दूसरे वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा। वहीं पॉली ट्रोमा आइसीयू और इमरजेंसी आइसीयू में भी छत से पानी टपकने के कारण मरीजों को कुछ देर के लिए अन्य आइसीयू में शिफ्ट करना पड़ा।
छत टपकने का ये बताया कारण
इस संबंध में अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि ट्रोमा सेंटर की तीसरी मंजिल पर ओटी का निर्माण चल रहा है। इसी दौरान छत डाले जाने की तैयारी थी, लेकिन बारिश के कारण पानी जमा हो गया, जो फॉल्स सीलिंग के रास्ते प्री-ऑपरेटिव वार्ड में टपकने लगा। कुछ ही देर में वार्ड में पानी भर गया। उस समय वहां तीन मरीज मौजूद थे, जिनकी सर्जरी से पहले जांच होनी थी।
सभी मरीजों को तुरंत दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर वहां जांच करवाई गई। पानी भरने के कारण 5 नंबर ऑपरेशन थियेटर को भी कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। यह भी पता चला कि पॉली ट्रोमा और इमरजेंसी आइसीयू में भी पानी टपकने की स्थिति बनी, जिसे समय रहते दुरुस्त कर दिया गया। एहतियातन दो-तीन मरीजों को कुछ घंटों के लिए दूसरे आइसीयू में शिफ्ट करना पड़ा।
सर्जरी मरीज परेशान, वीडियो वायरल
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें मरीज और उनके परिजन पानी से बचते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग ट्रॉली खींचकर मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाते दिखे। वीडियो में स्टाफ की ओर से ऑपरेशन टलने की बात कहते हुए भी सुना जा सकता है, हालांकि अस्पताल प्रशासन का दावा है कि किसी भी मरीज की सर्जरी स्थगित नहीं की गई।
पहले आइसीयू वार्ड में भरा था पानी
यह पहली बार नहीं है जब ट्रोमा सेंटर में पानी भरने की घटना सामने आई हो। कुछ महीने पहले भी आइसीयू वार्ड में पानी भरने से करीब 10 मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट करना पड़ा था और आइसीयू को एक दिन के लिए बंद करना पड़ा था।


