जयपुर: वैशाली नगर के शाशा कैफे पर पुलिस का छापा, 24 लोग हुक्का पीते पकड़े गए, महिला SHO ने बोगस ग्राहक बन किया भंडाफोड़

जयपुर: वैशाली नगर के शाशा कैफे पर पुलिस का छापा, 24 लोग हुक्का पीते पकड़े गए, महिला SHO ने बोगस ग्राहक बन किया भंडाफोड़

Jaipur hookah bar raid: जयपुर: गुलाबी नगरी के पॉश इलाकों में रेस्टोरेंट और कैफे की आड़ में चल रहे अवैध हुक्का बार्स पर जयपुर पुलिस ने अब अपना शिकंजा पूरी तरह कस दिया है। वैशाली नगर थाना पुलिस ने एक साहसिक ‘डिकॉय ऑपरेशन’ को अंजाम देते हुए गौतम मार्ग स्थित ‘शाशा कैफे’ पर बड़ी कार्रवाई की।

बता दें कि इस पूरी कार्रवाई की कमान खुद थानाधिकारी आरती सिंह ने संभाली, जो खुद एक बोगस ग्राहक बनकर कैफे के अंदर दाखिल हुईं। अवैध गतिविधियों की पुष्टि होते ही पूरी टीम के साथ धावा बोल दिया।

ऐसे बिछाया पुलिस ने जाल

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि शहर के कई क्लब और कैफे संचालक पुलिस की रेड से बचने के लिए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों और डबल-डोर सिक्योरिटी का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सीधी दबिश देना चुनौतीपूर्ण था।

रणनीति के तहत SHO आरती सिंह साधारण कपड़ों में ग्राहक बनकर शाशा कैफे पहुंचीं। अंदर का नजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई। कैफे की आड़ में सरेआम अवैध हुक्का बार संचालित हो रहा था। जैसे ही अवैध गतिविधि की पुष्टि हुई, उन्होंने बाहर तैनात पुलिस टीम को इशारा कर दिया।

24 लोग हुक्का पीते मिले, लगा भारी जुर्माना

पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से कैफे में हड़कंप मच गया। दबिश के दौरान कैफे की 12 अलग-अलग टेबलों पर 24 लोग हुक्का पीते हुए रंगे हाथों पकड़े गए।

पुलिस ने इन सभी के खिलाफ कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही कुल 4800 रुपए का जुर्माना वसूला। जांच में पाया गया कि कैफे में नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। न तो वहां ‘धूम्रपान निषेध’ के बोर्ड लगे थे और न ही नियमों के अनुसार कोई अलग से ‘स्मोकिंग जोन’ बनाया गया था।

मैनेजर समेत दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान जब्त

पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कैफे के मैनेजर मुकेश उर्फ विराट (निवासी मथुरा) और जितेंद्र सिंह जाटव (निवासी करौली) को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर निम्नलिखित सामग्री जब्त की है। 12 हुक्के (चिलम और पाइप सहित) और 14 डिब्बे प्रतिबंधित फ्लेवर।

बर्लिन रेस्टोरेंट पर भी गिरी गाज

गौरतलब है कि जयपुर पुलिस इन दिनों ‘क्लीन सिटी’ अभियान के तहत अवैध नशा कारोबारियों पर सख्त है। मंगलवार को ही पुलिस ने गांधीपथ स्थित ‘बर्लिन रेस्टोरेंट’ पर भी इसी तरह की कार्रवाई कर हुक्का बार का भंडाफोड़ किया था। डीसीपी प्रशांत किरण ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी संचालक नियमों के विरुद्ध हुक्का बार या नशीली गतिविधियों को बढ़ावा देगा, तो उनके खिलाफ इसी तरह के ‘डिकॉय ऑपरेशंस’ जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *