Jaipur Murder: पिता के हत्यारे दोनों बेटे गिरफ्तार, लाठी और सरियों से पीटकर की थी हत्या

Jaipur Murder: पिता के हत्यारे दोनों बेटे गिरफ्तार, लाठी और सरियों से पीटकर की थी हत्या

जयपुर। किशनगढ़ रेनवाल थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गुमानपुरा गांव में जमीन बेचने के विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि दो बेटों पर अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार रविवार को उम्मेद सिंह (62) और उनके पुत्र शंकर सिंह (43) व अमर सिंह (38) के बीच एक बीघा जमीन बेचने को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि जमीन बेचने के बाद रुपए नहीं देने की बात से दोनों बेटे नाराज थे। आरोप है कि शराब के नशे में उन्होंने पहले कहासुनी की और फिर लाठी-सरियों तथा लात-घूंसों से पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उम्मेद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

गिरफ्तारी के लिए बनी थी ठीम

घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर रेनवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जोबनेर सीओ शिवरतन गोदारा के सुपरविजन में तथा थाना प्रभारी नरेश कंवर के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

आरोपियों से पूछताछ

लगातार दबिश और घेराबंदी के बाद पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पारिवारिक विवाद ने इस दुखद घटना को जन्म दिया, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *