JDA Transport Nagar Scheme Controversy: जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की सीकर रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर योजना में भूखण्ड आवंटन को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जेडीए ने योजना के 18 भूखण्डों को दो- दो लोगों या फर्मों को आवंटित कर दिया। हालांकि अब जेडीए गलती को लेकर बैकफुट पर आ गया है और इन मामलों में प्रथम आवंटी को बरकरार रखते हुए दूसरे आंवटी का आवंटन निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
विधानसभा में प्रश्न के जवाब में माना
राजस्थान विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के लिखित जवाब में सरकार ने यह बात स्वीकारी है। जवाब में बताया कि अप्रेल 2007 की लॉटरी में 1146 तथा जनवरी 2018 की लॉटरी में 968 वाणिज्यिक भूखण्ड आवंटित किए गए। इनमें से 1601 आवंटियों को पूर्ण राशि जमा कराने पर लीज डीड जारी कर दी गई, जबकि 513 मामलों में विलंबित अथवा अपूर्ण भुगतान सहित अन्य कारणों से लीज जारी नहीं हुई।
भूखण्डों का दोहरा आवंटन करने वालों पर अब कार्रवाई
सरकार ने स्वीकार किया कि योजना के 18 भूखण्डों का दोहरा आवंटन हुआ। ऐसे मामलों में प्रथम आवंटी को बरकरार रखते हुए दूसरे आवंटन निरस्त करने की प्रक्रिया जारी है। दोहरा आवंटन करने व प्रकरण निस्तारित नहीं करने वाले तत्कालीन योजना सहायक, सहायक नगर नियोजक व उपायुक्त के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


