Jaipur: शराब के नशे में नवजात का अंतिम संस्कार करना भूले परिजन, मृत पैदा हुआ था बच्चा, रामनिवास बाग गेट पर छोड़ गए शव

Jaipur: शराब के नशे में नवजात का अंतिम संस्कार करना भूले परिजन, मृत पैदा हुआ था बच्चा, रामनिवास बाग गेट पर छोड़ गए शव

जयपुर: रामनिवास बाग गेट के पास खुले में नवजात का शव मिलने से बुधवार को क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले राहगीरों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लालकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जेके लोन अस्पताल भिजवाया।

पुलिस जांच के दौरान नवजात के शरीर पर महिला चिकित्सालय, सांगानेरी गेट का अस्पताल टैग लगा मिला। टैग पर दर्ज जानकारी के आधार पर पुलिस ने संबंधित अस्पताल से संपर्क किया, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि कठूमर, जिला अलवर निवासी उदय सिंह की पत्नी अनीता को प्रसव के लिए महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। बुधवार को प्रसव के दौरान बच्चा मृत पैदा हुआ था। परिजनों को नवजात के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया और औपचारिकताओं की पूरी जानकारी नहीं थी।

जांच में सामने आया कि उदय सिंह अपने एक दोस्त के साथ नवजात के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए आदर्श नगर श्मशान घाट जा रहा था। रास्ते में दोनों ने शराब पी ली। शराब के नशे में उन्होंने रामनिवास बाग गेट के पास नवजात का शव रख दिया और वहीं बैठ गए। कुछ देर बाद वे पास ही गार्डन में सो गए। नशे की हालत में वे अंतिम संस्कार करना ही भूल गए।

सुबह जब लोगों ने खुले में शव पड़ा देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *