JCTSL electric buses: जयपुर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को अब मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गई है। जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (जेसीटीएसएल) 26 फरवरी से तीन दिन तक इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल करने जा रहा है। ट्रायल सफल रहने पर 45 दिन के भीतर पहले चरण में 150 इलेक्ट्रिक बसें जयपुर को मिल जाएंगी। दूसरे चरण में 168 बसें और आने की तैयारी है। दूसरी तरफ जेसीटीएसएल ने कंडम हो चुकी 100 बसों की संचालन अवधि को बढ़ा दिया है।
जून से पहले 318 बसें आएंगी
इस तरह जून से पहले शहर में कुल 318 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पहले शहर में चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। डिपो स्तर पर तेजी से काम चल रहा है, ताकि बसों का नियमित संचालन बिना बाधा हो सके।
राजस्थान को 675 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं
केन्द्र सरकार की योजना के तहत राजस्थान को 675 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं, जिनमें से 150 बसें पहले चरण में जयपुर को आवंटित होंगी। दूसरे चरण में 168 बसों का प्रस्ताव है। इसके अतिरिक्त जेसीटीएसएल अपने स्तर पर भी बसों की संख्या बढ़ाने की कवायद में है। हालांकि नई बसों की तैयारी के बीच एक चिंता भी सामने आई है।
जेसीटीएसएल ने 100 पुरानी और तकनीकी रूप से कंडम मानी जा चुकी बसों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। इससे प्रतिदिन करीब एक लाख यात्रियों को इन्हीं बसों में सफर करना होगा। परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और सेवा गुणवत्ता पर प्रश्न खड़े करता है। पहले 300 सीएनजी बसें लाने की योजना थी, लेकिन टेंडर प्रक्रिया समाप्त कर अब पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसों पर फोकस किया जा रहा है।


