Fake Marriage Fraud: जयपुर में शादी का झांसा देकर मानव तस्करी और वसूली का काला कारोबार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना भंवरलाल शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इस इनामी बदमाश को सीआइडी क्राइम ब्रांच ने जयपुर के भांकरोटा स्थित जयसिंहपुरा से दबोचा और बालोतरा पुलिस के सुपुर्द किया।
ऐसे बुना जाता था ठगी का जाल
आरोपी भंवरलाल का नेटवर्क पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, यूपी और झारखंड तक फैला था। गिरोह वहां से गरीब युवतियों को नौकरी या शादी के बहाने राजस्थान लाता था। यहां पश्चिमी राजस्थान के उन कुंवारे युवकों को निशाना बनाया जाता था, जिनकी शादी नहीं हो पा रही थी। उनसे लाखों रुपएये लेकर फर्जी विवाह या लिव-इन एग्रीमेंट कराए जाते थे।
दोहरी लूट: पहले शादी, फिर केस की धमकी
गिरोह की कार्यशैली बेहद शातिर थी। शादी के कुछ समय बाद आरोपी पीड़ित परिवार को बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर फिर से मोटी रकम वसूलते थे। ताजा मामले में आरोपी ने परिवादी मगाराम से 2.50 लाख रुपए लेकर लिव-इन रिलेशनशिप का फर्जी समझौता कराया और बाद में अन्य युवतियां लाकर अन्य युवकों से प्रति लड़की 3 लाख रुपए वसूलने का उसपर दबाव बनाया और मना करने पर बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
अपराधों का लंबा कच्चा चिट्ठा
एसपी (क्राइम ब्रांच) ज्येष्ठा मैत्रयी ने बताया कि भंवरलाल पर 2005 से जयपुर के सांगानेर सदर, श्याम नगर व सदर और अजमेर, केकड़ी, बालोतरा के विभिन्न थानों में अपहरण, फिरौती, धोखाधड़ी, बलात्कार और आर्म्स एक्ट के दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं। सब इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार, एएसआइ शंकरदयाल शर्मा और कांस्टेबल बृजेश की टीम ने तकनीकी सूचना के आधार पर इस इनामी अपराधी को घेराबंदी कर पकड़ा।


