Jaipur : शादी में मेहमान बनकर आया… फिल्मी अंदाज में 4 लाख के सोने-चांदी के आभूषण पार; वीडियो वायरल

Jaipur : शादी में मेहमान बनकर आया… फिल्मी अंदाज में 4 लाख के सोने-चांदी के आभूषण पार; वीडियो वायरल

जयपुर। जयपुर के शिवदासपुरा थाना इलाके में एक मैरिज गार्डन में आयोजित आशीर्वाद समारोह के दौरान दुल्हन के पास रखा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग चुराने वाला संदिग्ध युवक कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक चक करोल रामनगरिया निवासी नितिन करोल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 7 फरवरी को उनके भाई नवीन करोल का आशीर्वाद समारोह जगतपुरा स्थित चंदन वन गार्डन में आयोजित किया गया था।

चोर की करतूत वीडियो में हुई कैद

वीडियो फुटेज में संदिग्ध युवक ब्लेजर लेकर दूल्हा दुल्हन के पीछे से निकलता नजर आ रहा है। वह पहले अन्य मेहमानों की तरह कार्यक्रम में घुल मिल गया और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता रहा। मौका मिलते ही उसने बैग उठाया और उसे अपने ब्लेजर में छिपाकर आराम से बाहर निकल गया।

चार लाख के सोने-चांदी के आभूषण पार

समारोह के दौरान जब मेहमान वर-वधु को आशीर्वाद दे रहे थे, तभी पीछे से आए एक युवक ने दुल्हन के पास रखा बैग उठाया और फरार हो गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, बैग में करीब चार लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे।

शादी समारोह में मेहमान बनकर आया था शातिर चोर

चोरी करने वाला युवक शादी समारोह में मेहमान बनकर शामिल हुआ। इसके बाद मौका पाकर नगदी व ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना स्थल पर चल रही वीडियो रिकॉर्डिंग में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। कुछ देर बाद जब परिजनों ने बैग की तलाश की तो चोरी का पता चला। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *