जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र में बोरे में मिले अधजले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि साक्ष्य मिटाने में मदद करने के आरोप में उसके नाबालिग बेटे को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला मौसमी (35) पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के लक्ष्मणपुर झबरा हरीशचंद्रपुर की रहने वाली है। मृतक की पहचान खोराबीसल निवासी शेख सोहन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 2 अप्रैल की रात महिला ने घरेलू विवाद के चलते अपने पति की हत्या कर दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
मामले की जांच के दौरान आरोपी महिला ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने बताया कि उसका पति पश्चिम बंगाल में चुनाव के कारण टिकट बनवाने गया हुआ है और अक्सर मोबाइल साथ नहीं रखता। हालांकि पुलिस को उसके बयान पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अन्य साक्ष्य जुटाए। जब महिला से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरा राज खोल दिया।
ऐसी रची हत्या की साजिश
पूछताछ में सामने आया कि मृतक सोहन रोजाना शराब पीकर घर आता था और पत्नी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। लगातार हो रही इस प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने पति की हत्या करने की साजिश रची। 2 अप्रैल की रात उसने पहले हथौड़ी से पति के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
शव ठिकाने लगाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को बोरे में भर दिया और उसे जलाने की कोशिश की। इस पूरी घटना में नाबालिग बेटे की भूमिका भी सामने आई, जिसने शव को ठिकाने लगाने में मां की मदद की।
पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया। कोर्ट ने महिला को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके। वहीं नाबालिग बेटे को भी साक्ष्य मिटाने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।


