Maryam Nawaz को ‘महारानी’ कहना पड़ा महंगा, Naseem Shah पर PCB ने ठोका 2 करोड़ का जुर्माना।

Maryam Nawaz को ‘महारानी’ कहना पड़ा महंगा, Naseem Shah पर PCB ने ठोका 2 करोड़ का जुर्माना।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को तेज गेंदबाज नसीम शाह पर विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के लिए दो करोड़ पाकिस्तानी रुपये (72,000 डॉलर) का भारी जुर्माना लगाया लेकिन अब इस पोस्ट को हटा दिया गया है।
इस पोस्ट में क्षेत्रीय संकट के दौरान पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के उद्घाटन मैच में पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज की मौजूदगी की आलोचना की गई थी।
2026 पीएसएल के पहले मैच के दौरान किए गए इस पोस्ट में गद्दाफी स्टेडियम में मरियम को दिए गए ‘महारानी’ जैसे शाही स्वागत पर व्यंग्य किया गया था।

मरियम पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी और मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भतीजी हैं।
मरियम के संदर्भ में नसीम ने पोस्ट किया था, ‘‘उन्हें लॉर्ड्स की महारानी की तरह व्यवहार क्यों किया जा रहा है? ’’
यह घटना तब हुई जब पीसीबी ने खाड़ी युद्ध के मद्देनजर ईंधन बचाने और सरकारी खर्च में कटौती के उपायों का पालन करने के लिए लाहौर और कराची में पीएसएल मैचों में प्रशंसकों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
पीसीबी ने घोषणा की कि उसकी अनुशासन समिति ने नसीम को अपने केंद्रीय अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने और सोशल मीडिया दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने का दोषी पाया है।

मरियम के पीएसएल के उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के तौर पर गद्दाफी स्टेडियम पहुंचने के तुरंत बाद नसीम को 27 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
ट्वीट को तुरंत हटा दिया गया था और यह दावा किया गया था कि अकाउंट हैक हो गया था लेकिन पीसीबी ने इस स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया।
बोर्ड ने कहा कि नसीम ने कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया था और अपने व्यवहार के लिए बिना शर्त माफी भी मांगी थी, लेकिन अनुशासन समिति ने उन्हें अनुशासनहीनता का दोषी पाया।

बोर्ड ने कहा, ‘‘नसीम के जवाब की समिति ने समीक्षा की और हर चीज का मूल्यांकन करने के बाद यह तय किया गया है कि नसीम ने अपने केंद्रीय अनुबंध की कई शर्तों का उल्लंघन किया है और उन पर दो करोड़ पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया है। ’’
नसीम के सोशल मीडिया सलाहकार को पीसीबी द्वारा पहले ही हटा दिया गया और उन्हें ‘ब्लैकलिस्ट’ कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *